BNT Desk: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जनसुराज के प्रशांत किशोर की जीत के बाद जदयू विधायक अनंत सिंह ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि अगर नीतीश कुमार मुख्यमंत्री रहते तो चुनाव का परिणाम शायद अलग होता। मीडिया से बातचीत में जब उनसे पूछा गया कि क्या नीतीश कुमार मुख्यमंत्री रहते तो भाजपा को यह हार नहीं मिलती, इस पर उन्होंने कहा, “बिल्कुल, ऐसा नहीं होता।”
‘जनता ने समझा कि नीतीश कुमार को हटाया गया’
अनंत सिंह ने कहा कि जनता के बीच यह संदेश गया कि चुनाव में वोट नीतीश कुमार के चेहरे पर मिला, लेकिन बाद में उन्हें मुख्यमंत्री पद से हटा दिया गया। उनके मुताबिक, लोगों ने इसे सही नहीं माना और इसी वजह से जनता में नाराजगी देखने को मिली। उन्होंने कहा कि जनता यह मान रही है कि जिस तरीके से बदलाव हुआ, वह ठीक नहीं था।
‘हमें पता है कि उन्होंने खुद पद छोड़ा’
हालांकि, अनंत सिंह ने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी जानकारी के अनुसार ऐसा नहीं है कि नीतीश कुमार को जबरन हटाया गया। उन्होंने कहा, “हमें पता है कि ऐसी बात नहीं है। उन्होंने खुद मुख्यमंत्री पद छोड़ा है।” इसके बावजूद उन्होंने कहा कि आम जनता की धारणा अलग है और लोगों ने इसे सत्ता परिवर्तन के रूप में देखा।
‘जनता ही मालिक है, वही फैसला करती है’
बांकीपुर उपचुनाव के नतीजे पर प्रतिक्रिया देते हुए अनंत सिंह ने कहा कि चुनाव में वही उम्मीदवार जीतता है, जिसे जनता वोट देती है। उन्होंने कहा, “जो लोग जीते हैं, उन्हें जनता ने वोट दिया है। जिन्हें जनता ने वोट नहीं दिया, वे हार गए। सीधी बात है, जनता मालिक होती है और वही अंतिम फैसला लेती है।”
नीतीश जहां रहेंगे, हम उनके साथ रहेंगे
दिल्ली में जदयू कार्यालय के निरीक्षण और पार्टी गतिविधियों में नीतीश कुमार की सक्रियता को लेकर पूछे गए सवाल पर अनंत सिंह ने कहा कि इसमें कोई दिक्कत नहीं है। उन्होंने कहा, “नीतीश कुमार जहां रहेंगे, जहां जाएंगे और जहां चुनाव लड़ेंगे, हम लोग पूरी तरह उनके साथ हैं और आगे भी रहेंगे।” अनंत सिंह के इस बयान को बांकीपुर उपचुनाव के नतीजों के बाद जदयू की ओर से आई महत्वपूर्ण राजनीतिक प्रतिक्रिया माना जा रहा है। उनके बयान में एक ओर जनता की धारणा का जिक्र है, तो दूसरी ओर उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी जानकारी के अनुसार नीतीश कुमार ने स्वयं मुख्यमंत्री पद छोड़ा था।