सुपौल: कोसी नदी का कहर; मिनी पानी टंकी भी नदी में समाई, पंचगछिया में अब तक 15 घर समाए

BNT
By
2 Min Read

BNT Desk: सुपौल जिले के किशनपुर अंचल के मौजहा पंचायत स्थित पंचगछिया गांव में कोसी नदी का कटाव लगातार तेज होता जा रहा है। शुक्रवार को नदी की तेज धारा में सरकारी जल नल योजना के तहत बनी मिनी पानी टंकी और उसका भवन भी बह गया। यह टंकी रामविलास कुमार के घर के पास बनी थी, जिसे देखते ही देखते नदी अपने साथ बहा ले गई। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।

 

जलस्तर घटते ही बढ़ रहा कटाव

ग्रामीणों का कहना है कि कोसी नदी का जलस्तर कम होने के साथ ही कटाव और तेज हो जाता है। नदी लगातार आबादी की ओर बढ़ रही है, जिससे लोगों में डर बना हुआ है। उनका कहना है कि अगर जल्द कटाव रोकने का काम शुरू नहीं हुआ तो कई और घर, सरकारी संपत्तियां और खेती की जमीन नदी में समा सकती हैं।

 

ग्रामीणों ने प्रशासन पर जताई नाराजगी

गांव के रामकुमार, रामेश्वर कुमार, कृष्ण कुमार, रघुनाथ शाह, बुलेटिन यादव, सीताराम यादव, उपेंद्र यादव, धनीलाल यादव और जयराम यादव समेत कई लोगों ने बताया कि जल संसाधन विभाग के अधिकारी लगातार मौके का निरीक्षण कर रहे हैं, लेकिन अब तक कटाव रोकने के लिए कोई ठोस काम शुरू नहीं किया गया है। इससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ रही है।

 

15 घर पहले ही हो चुके हैं नदी में विलीन

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और जल संसाधन विभाग से तुरंत कटाव निरोधी कार्य शुरू कराने की मांग की है। उनका कहना है कि अगर जल्द सुरक्षा उपाय नहीं किए गए तो कई परिवार बेघर हो जाएंगे और भारी आर्थिक नुकसान होगा।

वहीं, किशनपुर के प्रभारी अंचलाधिकारी जियाउल कमर ने बताया कि अब तक कटाव की वजह से 15 घर कोसी नदी में समा चुके हैं। प्रभावित परिवारों की रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है। उन्होंने कहा कि सरकार के निर्देश मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article