BNT Desk: दरभंगा जिले के जाले प्रखंड में तैनात प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) मनोज कुमार की पत्नी अमृता कुमारी की संदिग्ध मौत के बाद अब एक पुराना CCTV वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह वीडियो सामने आने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है। कुछ दिन पहले अमृता कुमारी ने मुजफ्फरपुर के मिठनपुरा थाना क्षेत्र स्थित सरकारी आवास में कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना के बाद उनके परिजनों ने BDO मनोज कुमार पर दूसरी महिला से संबंध समेत कई गंभीर आरोप लगाए थे। हालांकि मनोज कुमार ने सभी आरोपों को निराधार बताया था।
क्या है वायरल CCTV वीडियो?
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा CCTV वीडियो पहली नजर में हाल की घटना से जुड़ा बताया जा रहा है, लेकिन जांच में सामने आया है कि यह वीडियो करीब एक साल पुराना है। जानकारी के अनुसार, यह CCTV फुटेज 19 मार्च 2025 की बताई जा रही है। वीडियो में एक महिला को कुछ लोग पकड़कर जबरन एक गाड़ी में बैठाते हुए दिखाई दे रहे हैं।
जांच में सामने आई यह कहानी
स्थानीय स्तर पर की गई पड़ताल में सामने आया कि 19 मार्च 2025 को अमृता कुमारी अपने घर से यह कहकर निकली थीं कि वह आत्महत्या कर लेंगी। इसके बाद वह अपने मिठनपुरा स्थित आवास से चली गई थीं। काफी तलाश के बाद भी जब उनका पता नहीं चला, तब BDO मनोज कुमार के परिजनों ने मुजफ्फरपुर के एक थाने में सनहा दर्ज कराया था। बाद में अमृता कुमारी स्वयं वापस घर लौट आई थीं। बताया जाता है कि इस घटना के बाद BDO के परिजनों ने अमृता कुमारी के मायके वालों को पूरी जानकारी दी। इसके बाद उन्हें उनके मायके भेजने की तैयारी की गई।
गाड़ी में बैठाने का वीडियो हुआ वायरल
बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो उसी समय का है, जब BDO के कुछ परिजन अमृता कुमारी को उनके मायके ले जाने के लिए गाड़ी में बैठा रहे थे। वीडियो में कुछ लोग उन्हें पकड़कर वाहन तक ले जाते दिखाई दे रहे हैं। वहीं फुटेज में यह भी नजर आता है कि इस दौरान अमृता कुमारी कथित तौर पर एक बुजुर्ग महिला को पैर से मारती हुई दिखाई देती हैं। हालांकि वीडियो की परिस्थितियों और उसमें दिखाई दे रही घटनाओं की आधिकारिक पुष्टि अभी पुलिस की जांच का विषय है।
पुलिस फिर से कर रही जांच
पुराना CCTV सामने आने के बाद पुलिस पूरे मामले की दोबारा जांच कर रही है। अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि वायरल वीडियो का हालिया मौत के मामले से कोई संबंध है या नहीं। फिलहाल पुलिस सभी तथ्यों, वायरल वीडियो और दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।