BNT Desk: बिहार के मुजफ्फरपुर में दिनदहाड़े एक युवक के अपहरण और उसके साथ बेरहमी से मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि राजद (RJD) के जिला सचिव का बोर्ड और पार्टी का बैनर लगी एक थार गाड़ी से बदमाशों ने युवक का अपहरण किया। इसके बाद गाड़ी में उसकी जमकर पिटाई की गई और घायल हालत में उसे सड़क किनारे फेंककर आरोपी फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और महज तीन घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए थार गाड़ी को बरामद कर लिया। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
सर्किट हाउस के पास दिनदहाड़े हुआ अपहरण
यह घटना मुजफ्फरपुर के काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र स्थित सर्किट हाउस के पास हुई। पुलिस के अनुसार, शाम करीब 4 बजे सूचना मिली कि राजद का बोर्ड और बैनर लगी एक थार गाड़ी से कुछ लोग एक युवक को जबरन उठाकर ले गए हैं। सूचना मिलते ही काजी मोहम्मदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की और गाड़ी की पहचान की।
पिटाई के बाद सड़क पर फेंका
अपहरण के कुछ समय बाद आरोपियों ने युवक की गाड़ी के अंदर बेरहमी से पिटाई की। इसके बाद उसे ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र के चांदनी चौक के पास सड़क पर घायल अवस्था में फेंक दिया और मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को इलाज के लिए मुजफ्फरपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया।
CCTV से मिला सुराग
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस ने पूरे जिले में अलर्ट जारी कर दिया। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस लगातार थार गाड़ी का पीछा करती रही। आखिरकार पुलिस ने सरैया थाना क्षेत्र से थार गाड़ी को बरामद कर लिया। मौके से एक आरोपी को हिरासत में लिया गया, जिसकी पहचान कांटी थाना क्षेत्र के दामोदरपुर निवासी मोहम्मद रहमान के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, वह राजद से जुड़ा हुआ है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके फरार साथियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
SSP ने क्या कहा?
मुजफ्फरपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र से युवक को जबरन थार में बैठाकर ले जाने की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी थी। उन्होंने बताया कि पूरे जिले में पुलिस को अलर्ट किया गया और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की गई। घटना के करीब तीन घंटे के भीतर थार गाड़ी को सरैया थाना क्षेत्र से जब्त कर लिया गया और एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
मामले की जांच जारी
पुलिस इस पूरे मामले के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है। साथ ही फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।