गया: 2.91 करोड़ की साइबर ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, 47 एक्टिव सिम कार्ड बरामद

BiharNewsAuthor
3 Min Read

BNT Desk: बिहार के गया जिले की साइबर थाना पुलिस ने देशभर में करोड़ों रुपये की ऑनलाइन ठगी करने वाले एक शातिर साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने फर्जी मोबाइल नंबर और सिम कार्ड के जरिए लोगों के बैंक खातों से करीब 2 करोड़ 91 लाख 18 हजार 286 रुपये की ठगी की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गया जिले के डोभी थाना क्षेत्र के अमारुत गांव निवासी गौतम कुमार दास के रूप में हुई है। वह लंबे समय से पुलिस की निगरानी में था।

 

गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई

साइबर डीएसपी अब्दुल रहमान दानिश ने बताया कि गया के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि अमारुत गांव का एक युवक फर्जी मोबाइल नंबर और सिम कार्ड के जरिए देशभर के लोगों से साइबर ठगी कर रहा है। सूचना मिलते ही एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

 

47 एक्टिव सिम कार्ड बरामद

पुलिस ने आरोपी के ठिकानों पर छापेमारी के दौरान विभिन्न कंपनियों के 47 एक्टिव सिम कार्ड बरामद किए हैं। तकनीकी जांच और पूछताछ में पता चला कि आरोपी ने सिर्फ 11 सक्रिय मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल कर करीब 2.91 करोड़ रुपये की साइबर ठगी को अंजाम दिया। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ये सिम कार्ड कहां से लिए गए और इनके जरिए किन-किन लोगों को निशाना बनाया गया।

 

कई राज्यों में दर्ज हैं 22 केस

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गौतम कुमार दास कोई साधारण ठग नहीं, बल्कि अंतरराज्यीय साइबर अपराधी है। साइबर पोर्टल पर उपलब्ध रिकॉर्ड के अनुसार उसके खिलाफ बिहार समेत देश के कई राज्यों में साइबर ठगी, फिशिंग और ऑनलाइन धोखाधड़ी से जुड़े 22 आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। वह लंबे समय से विभिन्न राज्यों की पुलिस के रडार पर था।

 

नेटवर्क खंगाल रही पुलिस

गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ गया साइबर थाना में संबंधित धाराओं के तहत नया मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी कर रही है। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस साइबर ठगी गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि ठगी की रकम किन बैंक खातों में भेजी गई और उसका इस्तेमाल कैसे किया गया। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर जल्द ही इस गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की भी गिरफ्तारी की जाएगी।

Share This Article