बिहार में शहरी विकास को मिलेगा बड़ा बढ़ावा, HUDCO के साथ ₹1 लाख करोड़ का समझौता

BiharNewsAuthor
4 Min Read

BNT Desk: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की मौजूदगी में शुक्रवार को बिहार सरकार के नगर विकास एवं आवास विभाग और हाउसिंग एंड अर्बन डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (HUDCO) के बीच राज्य में 12 ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप विकसित करने के लिए 1 लाख करोड़ रुपये के दीर्घकालिक वित्तपोषण संबंधी एक महत्वपूर्ण एमओयू (Memorandum of Understanding) पर हस्ताक्षर किए गए। मुख्यमंत्री की उपस्थिति में नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार और HUDCO के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक संजय कुलश्रेष्ठ ने एमओयू का आदान-प्रदान किया।

 

3 लाख एकड़ से अधिक क्षेत्र में विकसित होंगी टाउनशिप

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि यह समझौता बिहार के शहरी विकास के इतिहास में एक मील का पत्थर साबित होगा। राज्य में करीब 3 लाख एकड़ से अधिक क्षेत्र में आधुनिक और सुव्यवस्थित ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप विकसित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि इन टाउनशिप में लोगों को बेहतर आवास, आधुनिक नागरिक सुविधाएं और गुणवत्तापूर्ण जीवन उपलब्ध कराया जाएगा।

किसानों को लैंड पूलिंग से बनाया जाएगा भागीदार

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस परियोजना में किसानों को लैंड पूलिंग मॉडल के जरिए भागीदार बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जो किसान मुआवजे के लिए आवेदन करेंगे, उन्हें 30 दिनों के भीतर भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि बिहार सरकार HUDCO के माध्यम से 1 लाख करोड़ रुपये का निवेश करेगी, जबकि इसके अलावा करीब 6 लाख करोड़ रुपये का अतिरिक्त निवेश निजी और अन्य स्रोतों से लाने का लक्ष्य रखा गया है।

 

रोजगार और निवेश को मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस महत्वाकांक्षी योजना से बिहार के आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी। बड़े पैमाने पर निजी और संस्थागत निवेश आकर्षित होगा, जिससे निर्माण गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि परियोजना के माध्यम से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से लाखों रोजगार और स्वरोजगार के अवसर पैदा होंगे।

विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस होंगी नई टाउनशिप

सरकार के अनुसार इन ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप में आधुनिक सड़क नेटवर्क, पेयजल आपूर्ति, सीवरेज प्रणाली, बिजली, हरित क्षेत्र, शिक्षा संस्थान, स्वास्थ्य सेवाएं, वाणिज्यिक परिसर और सामाजिक अधोसंरचना जैसी सभी आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन योजनाओं का उद्देश्य बिहार के लोगों को विश्वस्तरीय शहरी सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

35 प्रतिशत शहरीकरण का लक्ष्य

सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार सरकार योजनाबद्ध, संतुलित और समावेशी शहरीकरण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि HUDCO के साथ हुआ यह समझौता बिहार को आधुनिक शहरी विकास के क्षेत्र में अग्रणी राज्यों की श्रेणी में लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य बिहार में 35 प्रतिशत शहरीकरण हासिल करना है और यह परियोजना उस दिशा में अहम भूमिका निभाएगी।

कार्यक्रम में कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव, नगर विकास एवं आवास तथा सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री नीतीश मिश्रा, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, नगर विकास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार, HUDCO के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक संजय कुलश्रेष्ठ सहित राज्य सरकार और HUDCO के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Share This Article