पटना में STF और अपराधी के बीच मुठभेड़, कुख्यात राजीव उर्फ सूर्या को लगी गोली

पटना सिटी के गायघाट में एसटीएफ और कुख्यात अपराधी राजीव उर्फ सूर्या के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस को देखते ही उसने फायरिंग की, जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। उस पर 24 से ज्यादा मामले दर्ज हैं। पुलिस ने पिस्तौल बरामद कर जांच शुरू कर दी है।

BNT
By
2 Min Read

BNT Desk: राजधानी पटना के पटना सिटी इलाके में बुधवार देर रात एसटीएफ और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। यह एनकाउंटर आलमगंज थाना क्षेत्र के गायघाट में हुआ। इस दौरान कुख्यात अपराधी राजीव कुमार उर्फ सूर्या को गोली लगी। उसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के अनुसार राजीव पर 24 से ज्यादा मामले अलग-अलग थानों में दर्ज हैं।

पुलिस को देखते ही की फायरिंग

बताया जा रहा है कि एसटीएफ को गुप्त सूचना मिली थी कि राजीव गायघाट इलाके में छिपा हुआ है और किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहा है। सूचना मिलते ही टीम ने इलाके को घेर लिया। खुद को घिरा देख राजीव ने पुलिस पर पिस्तौल से फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में एसटीएफ ने भी गोली चलाई। दोनों तरफ से करीब तीन राउंड फायरिंग हुई।

पैर में लगी गोली, पिस्तौल बरामद

जवाबी कार्रवाई में राजीव के पैर में एक गोली लगी, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया। उसके पास से एक पिस्तौल भी बरामद की गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं होती तो बड़ी घटना हो सकती थी।

इलाके में दहशत, पुलिस ने चलाया सर्च अभियान

घटना की सूचना मिलते ही पूरे गायघाट इलाके को पुलिस ने घेर लिया। अतिरिक्त बल की तैनाती की गई और तलाशी अभियान चलाया गया। मुठभेड़ के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। राजीव पर लूट, डकैती, अवैध हथियार, चोरी का सामान खरीदने-बेचने, धोखाधड़ी और शराब तस्करी जैसे गंभीर आरोप हैं। पुलिस अब उससे पूछताछ कर रही है और मामले की आगे जांच जारी है।

Share This Article