सांसद शांभवी चौधरी का जनता दरबार: ऑन द स्पॉट एक्शन और लापरवाह अधिकारियों को कड़ी फटकार

लोकजनशक्ति पार्टी (रामविलास) की सांसद शांभवी चौधरी ने पटना में जनता दरबार लगाकर लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने जमीन विवाद और प्रशासनिक लापरवाही पर कड़ा रुख अपनाते हुए लापरवाह अधिकारियों को मौके पर ही फटकार लगाई। साथ ही, नीट मामले में दोषियों पर सख्त कार्रवाई और यूजीसी कानून पर संसद में आवाज उठाने का आश्वासन दिया।

BNT
By
3 Min Read

BNT Desk: लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की युवा सांसद शांभवी चौधरी ने आज पटना में जनता दरबार लगाकर आम लोगों की फरियाद सुनी। समस्तीपुर की सांसद के इस दरबार में न केवल उनके क्षेत्र से, बल्कि बिहार के अलग-अलग जिलों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। इस दौरान शांभवी चौधरी ने सिर्फ आवेदन ही नहीं लिए, बल्कि कई गंभीर मामलों में मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को फोन लगाकर जमकर क्लास लगाई और जल्द से जल्द निपटारा करने का अल्टीमेटम दिया।

जमीन विवाद और पुलिस की लापरवाही पर कड़ा रुख

जनता दरबार में सबसे ज्यादा मामले जमीन विवाद, अपराध और प्रशासनिक अधिकारियों की ढिलाई से जुड़े सामने आए। कई लोगों ने शिकायत की कि पुलिस उनकी बात नहीं सुन रही है। इस पर सांसद ने सख्त तेवर अपनाते हुए कहा कि जनता की परेशानी में देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायतों को लटकाने के बजाय उनका तुरंत समाधान करें। शांभवी ने साफ किया कि उनके नेता चिराग पासवान के निर्देश पर यह पहल की गई है ताकि सरकार और जनता के बीच की दूरी कम हो सके।

NEET और UGC कानून पर बड़ा बयान

छात्रों के भविष्य और शिक्षा से जुड़े सवालों पर भी सांसद ने अपनी राय रखी। नीट मामले में छात्रा से जुड़ी घटना पर उन्होंने दो टूक कहा कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। जो भी इसमें शामिल होगा, उस पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। वहीं, यूजीसी (UGC) के नए नियमों को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने बड़ी परिपक्वता दिखाई। शांभवी ने कहा कि वह पहले इस कानून का गहराई से अध्ययन करेंगी और फिर पार्टी अध्यक्ष चिराग पासवान के मार्गदर्शन में संसद में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाएंगी।

जनता के बीच बढ़ती लोकप्रियता

जनता दरबार में आए लोगों ने सांसद के इस संवेदनशील रवैये की खूब तारीफ की। लोगों का कहना था कि पहली बार उन्हें लगा कि कोई जनप्रतिनिधि उनकी बातों को न सिर्फ सुन रहा है, बल्कि उस पर तुरंत कार्रवाई भी कर रहा है। शांभवी चौधरी ने आश्वासन दिया कि वह जनता से सीधे जुड़ने का कोई भी मौका नहीं छोड़ेंगी और लोगों के हक की लड़ाई पंचायत से लेकर संसद तक लड़ती रहेंगी।

Share This Article