बांका के सरकारी स्कूल में झंडोतोलन के बाद निकला विषैला सांप, तिरंगे के अपमान का वीडियो वायरल.

बांका जिले के एक सरकारी स्कूल में गणतंत्र दिवस के बाद झंडे के पाइप से सांप निकलने से हड़कंप मच गया। डर के कारण तिरंगा जमीन पर गिरा, जिसका वीडियो वायरल होने के बाद लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।

BNT
By
3 Min Read

BNT Desk: बिहार के बांका जिले के रजौन प्रखंड में गणतंत्र दिवस के मौके पर एक सरकारी स्कूल में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब झंडोतोलन के बाद झंडे के पाइप से अचानक एक विषैला सांप निकल आया। यह घटना चिलकावर-असौता पंचायत के मध्य विद्यालय असौता की बताई जा रही है। मंगलवार सुबह इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद लोग तरह-तरह की प्रतिक्रिया दे रहे हैं। घटना 26 जनवरी की है, जब स्कूल में गणतंत्र दिवस का कार्यक्रम आयोजित किया गया था।

कार्यक्रम के बाद बच्चों ने देखा सांप

मिली जानकारी के अनुसार, शिक्षकों ने तय समय पर झंडोतोलन किया और इसके बाद प्रसाद का वितरण किया गया। कार्यक्रम खत्म होने के बाद सभी शिक्षक अपने-अपने घर चले गए। उस समय स्कूल परिसर में कुछ बच्चे मौजूद थे। इसी दौरान बच्चों की नजर झंडे के पाइप के ऊपरी हिस्से पर पड़ी, जहां से एक सांप बाहर निकलता दिखा। सांप देखते ही बच्चों में डर फैल गया और वे शोर मचाने लगे। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए।

डर के माहौल में तिरंगा गिरा

ग्रामीणों और बच्चों में भय का माहौल बन गया। हड़बड़ी में लोगों ने झंडे के पाइप को नीचे गिरा दिया और लाठी-डंडे से सांप को मारने की कोशिश करने लगे। इस दौरान तिरंगा झंडा जमीन पर गिर गया। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि सांप को मारते समय राष्ट्रीय ध्वज का ध्यान नहीं रखा गया। इसे लेकर सोशल मीडिया पर नाराजगी देखी जा रही है और लोग तिरंगे के अपमान की बात कह रहे हैं।

सांप मारा गया, उठे सवाल

कुछ देर बाद ग्रामीणों ने सांप को मार दिया और लोहे के पाइप की मदद से तिरंगे को फिर से खड़ा किया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि झंडोतोलन से पहले पाइप और बांस की सही जांच और सफाई होनी चाहिए थी। इस घटना के बाद स्कूल प्रबंधन और प्रशासन की सतर्कता पर सवाल उठ रहे हैं। साथ ही लोग यह भी कह रहे हैं कि डर की स्थिति में भी राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान का पूरा ध्यान रखा जाना चाहिए था।

Share This Article