BNT Desk: बिहार की राजधानी पटना में NEET छात्रा की मौत के मामले को लेकर लोगों का गुस्सा लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी कड़ी में शनिवार को जहानाबाद में छात्र-छात्राओं का आक्रोश खुलकर सामने आया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के बैनर तले सैकड़ों की संख्या में छात्र-छात्राओं ने एसएस कॉलेज परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी छात्र पीड़िता को न्याय दिलाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे थे।
13 दिन बाद भी नतीजा नहीं, जांच पर उठे सवाल
प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना है कि घटना को 13 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक जांच में कोई ठोस नतीजा सामने नहीं आया है। छात्रों ने आरोप लगाया कि SIT सिर्फ औपचारिक कार्रवाई कर रही है और मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है। उनका कहना है कि जांच को जानबूझकर भटकाया जा रहा है, ताकि प्रभावशाली लोगों को बचाया जा सके। इसी वजह से छात्रों में गहरा आक्रोश है।
CBI जांच की मांग पर अड़े छात्र
प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने साफ कहा कि उन्हें स्थानीय जांच एजेंसियों पर भरोसा नहीं है। उनका मानना है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच केवल CBI ही कर सकती है। छात्रों ने मांग की कि पूरे मामले को जल्द से जल्द CBI को सौंपा जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके और पीड़िता को न्याय मिल सके। नारेबाजी के दौरान “न्याय दो”, “दोषियों को सजा दो” जैसे नारे गूंजते रहे।
न्याय तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान
छात्र-छात्राओं ने चेतावनी दी कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक छात्रा का मामला नहीं है, बल्कि पूरे छात्र समाज की सुरक्षा से जुड़ा सवाल है। प्रदर्शनकारियों ने दो टूक कहा कि जब तक पीड़िता को इंसाफ नहीं मिलेगा और दोषियों को सजा नहीं होगी, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। इस प्रदर्शन के बाद प्रशासन और जांच एजेंसियों पर दबाव बढ़ता नजर आ रहा है।