BNT Desk: जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर हवाई सफर करने वाले यात्रियों के लिए आज यानी शनिवार से एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन में तीसरा एरोब्रिज आज से काम करना शुरू कर देगा। इसका सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि अब यात्रियों को विमान तक जाने या विमान से उतरकर टर्मिनल आने के लिए बसों में धक्के नहीं खाने पड़ेंगे। डीजीसीए (DGCA) की मंजूरी मिलने के बाद आज से इसे आम जनता के लिए खोल दिया गया है।
क्या है नया अपडेट?
पटना एयरपोर्ट के डायरेक्टर चंद्र प्रताप द्विवेदी ने बताया कि नए टर्मिनल में कुल पांच एरोब्रिज लगाए जाने हैं। इनमें से दो पहले से ही सेवा में थे, जो गेट नंबर 9 और 10 पर स्थित हैं। अब तीसरे एरोब्रिज को गेट नंबर 11 से जोड़ दिया गया है। जैसे ही यात्री गेट नंबर 11 से बाहर निकलेंगे, वे सीधे प्लेन के अंदर पहुंच जाएंगे। इससे न केवल यात्रियों का समय बचेगा, बल्कि उन्हें धूप, बारिश या ठंड में बस का इंतज़ार भी नहीं करना होगा।
बाकी दो एरोब्रिज भी जल्द होंगे शुरू
राहत की खबर यहीं खत्म नहीं होती। एयरपोर्ट प्रशासन ने जानकारी दी है कि चौथा और पांचवा एरोब्रिज भी बनकर पूरी तरह तैयार है। पटना एयरपोर्ट अथॉरिटी ने इन्हें चालू करने के लिए डीजीसीए को प्रस्ताव भेज दिया है। जैसे ही वहां से हरी झंडी मिलेगी, बाकी बचे हुए दोनों एरोब्रिज भी शुरू कर दिए जाएंगे। इसके बाद पटना एयरपोर्ट पर सुविधाओं का स्तर काफी बढ़ जाएगा और बोर्डिंग की प्रक्रिया और भी तेज हो जाएगी।
एक साथ 8 विमानों के आने-जाने की क्षमता
आपको बता दें कि पटना एयरपोर्ट पर अब एक समय में 8 विमानों की लैंडिंग और टेक-ऑफ की व्यवस्था है। जब सभी पांचों एरोब्रिज काम करने लगेंगे, तो पांच विमानों के यात्री सीधे गेट से ही बोर्डिंग कर सकेंगे। हालांकि, अन्य तीन विमानों के लिए अभी भी बस सेवा का इस्तेमाल करना होगा। पुराने टर्मिनल की तुलना में यह एक बड़ा सुधार है, क्योंकि पहले यात्रियों को हर बार रनवे से टर्मिनल तक आने के लिए बस का सहारा लेना ही पड़ता था।