BNT Desk: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शुक्रवार को अपनी ‘समृद्धि यात्रा’ के तहत मुजफ्फरपुर पहुँचे। यहाँ उन्होंने जिले के विकास के लिए बुनियादी ढांचे से जुड़ी 853 करोड़ रुपये की कुल 172 योजनाओं की बड़ी सौगात दी। शहर के अियापुर स्थित बाजार समिति परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में सीएम ने रिमोट के जरिए कई प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान हजारों की संख्या में मौजूद महिलाओं और जीविका दीदियों का उत्साह देखने लायक था।
विकास की रफ्तार: 853 करोड़ के प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन
मुख्यमंत्री ने जिले को जो तोहफा दिया है, उसमें हर वर्ग का ख्याल रखा गया है। कुल 172 योजनाओं में से 212 करोड़ की 47 योजनाओं का उद्घाटन किया गया, जबकि 194 करोड़ की 89 योजनाओं का शिलान्यास हुआ। इसके अलावा 447 करोड़ की 36 योजनाओं पर काम शुरू करने की मंजूरी दी गई। इसमें बाजार समिति का जीर्णोद्धार (फेज-2), चार नक्सल थाने, पशु चिकित्सालय, नए आईटीआई भवन और छात्राओं के लिए 100-100 बेड के हॉस्टल शामिल हैं। इन योजनाओं से जिले में शिक्षा, सुरक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था और मजबूत होगी।
‘प्रणाम भैया’… जब भावुक हुईं जीविका दीदियाँ
कार्यक्रम का सबसे खास पल वह था जब मुख्यमंत्री महिलाओं द्वारा लगाए गए स्टॉल्स पर पहुँचे। जैसे ही सीएम ‘सतत जीविकोपार्जन’ स्टॉल पर गए, वहाँ मौजूद रेणु देवी और अन्य महिलाओं ने बड़े ही प्यार से कहा— “प्रणाम भैया!” महिलाओं ने गर्व से मुख्यमंत्री को बताया कि आज वे सिर्फ अपने जिले में ही नहीं, बल्कि बाहर भी अपनी पहचान बना रही हैं। महिलाओं ने अपनी सफलता का श्रेय सीएम की योजनाओं को दिया। नीतीश कुमार ने भी मुस्कुराते हुए महिलाओं का हाल-चाल जाना और उनसे पूछा— “सब ठीक है ना? बढ़िया से काम कर रही हैं? कोई दिक्कत तो नहीं है?”
रंगोली में दिखाई ‘समृद्ध बिहार’ की झलक
बाजार समिति में जीविका दीदियों ने अपनी मेहनत और कला का शानदार प्रदर्शन किया। करीब 14 स्टॉल्स पर 60 से ज्यादा महिलाएँ अपने हुनर (जैसे मछली पालन, खेती और मसाले) का प्रदर्शन कर रही थीं। दीदियों ने एक खूबसूरत रंगोली भी बनाई थी, जिसमें बिहार की समृद्धि, महिला आरक्षण और विकास योजनाओं की झलक दिखाई गई। स्टॉल पर मौजूद पवन देवी और कृष्णा देवी ने कहा कि सरकार की मदद से आज उन्हें रोजगार के नए रास्ते मिले हैं और उनकी जिंदगी पूरी तरह संवर गई है।