पटना: BPSC TRE-4 अभ्यर्थियों के आंदोलन के बीच शिक्षा मंत्री का बड़ा दावा, बोले- किसी भी वक्त जारी हो सकता है नोटिफिकेशन

BNT
By
5 Min Read

BNT Desk: BPSC TRE-4 के अभ्यर्थियों के महा-आंदोलन के बीच बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी बुधवार को लोक भवन पहुंचे। यहां उन्होंने राज्यपाल सैयद अता हसनैन से मुलाकात की। राज्यपाल से मुलाकात के बाद शिक्षा मंत्री ने TRE-4 और अभ्यर्थियों के आंदोलन को लेकर बड़ा बयान दिया।mमिथिलेश तिवारी ने कहा कि TRE-4 का नोटिफिकेशन किसी भी वक्त जारी हो सकता है। उन्होंने अभ्यर्थियों से अपील की कि वे आंदोलन और अफवाहों में न पड़ें और अपनी परीक्षा की तैयारी पर ध्यान दें।

 

किसी भी वक्त आ सकता है TRE-4 का नोटिफिकेशन

शिक्षा मंत्री ने कहा कि TRE-4 का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों का उज्ज्वल भविष्य उनका इंतजार कर रहा है। उन्होंने कहा कि BPSC की ओर से नोटिफिकेशन जारी करने की पूरी तैयारी चल रही है और शिक्षा विभाग की तरफ से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने अभ्यर्थियों से कहा कि वे अपनी पढ़ाई पर ध्यान दें और परीक्षा की तैयारी में जुट जाएं। मंत्री ने यह भी दावा किया कि TRE-4 में जितनी वैकेंसी की घोषणा पहले की गई थी, उससे ज्यादा पदों पर भर्ती निकाली जाएगी।

 

घोषित पदों से ज्यादा आएगी वैकेंसी

मिथिलेश तिवारी ने कहा कि अभ्यर्थियों को चिंता करने की जरूरत नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जितनी वैकेंसी की सूचना पहले दी गई थी, TRE-4 में उससे अधिक पद आ सकते हैं। उन्होंने कहा कि BPSC अपनी तरफ से नोटिफिकेशन जारी करने की तैयारी में जुटा है। शिक्षा विभाग के स्तर पर जरूरी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। ऐसे में किसी भी समय TRE-4 की वैकेंसी जारी हो सकती है।

 

अभ्यर्थियों से आंदोलन छोड़ पढ़ाई पर ध्यान देने की अपील

आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों से शिक्षा मंत्री ने कहा कि वे किसी के बहकावे में न आएं। उन्होंने कहा कि कुछ लोग आंदोलन का श्रेय लेने की कोशिश कर सकते हैं, लेकिन अभ्यर्थियों को ऐसे लोगों से दूरी बनाकर अपनी पढ़ाई पर ध्यान देना चाहिए। मंत्री ने कहा कि अभ्यर्थियों को परीक्षा में सफल होने के लिए तैयारी करनी चाहिए, क्योंकि उनका उज्ज्वल भविष्य इंतजार कर रहा है।

 

राज्यपाल से मुलाकात पर क्या बोले मंत्री?

राज्यपाल से मुलाकात को लेकर शिक्षा मंत्री ने कहा कि यह शिष्टाचार मुलाकात थी। उन्होंने राज्यपाल को बिहार सरकार की ओर से शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। मिथिलेश तिवारी ने बताया कि उनकी एक पुस्तक ‘वंदे मातरम’ भी आई है, जिसे उन्होंने राज्यपाल को भेंट किया। उन्होंने कहा कि राज्यपाल के साथ काफी देर तक बातचीत हुई और इस दौरान उन्हें कई महत्वपूर्ण जानकारियां भी मिलीं।

 

तेजस्वी यादव पर शिक्षा मंत्री का हमला

TRE-4 के मुद्दे पर तेजस्वी यादव के लोकभवन मार्च को लेकर शिक्षा मंत्री ने विपक्ष के नेता पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव को जिन मुद्दों पर विधानसभा के अंदर बात करनी चाहिए, उनके लिए वह सड़क का रास्ता चुन रहे हैं। मिथिलेश तिवारी ने आरोप लगाया कि विधानसभा सत्र के दौरान तेजस्वी यादव पर्यटन पर रहते हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि काफी समय से अखबारों में उनकी तस्वीर नहीं आ रही थी, इसलिए फोटो खिंचवाने के लिए सड़क पर उतर रहे हैं।

 

TRE-4 अभ्यर्थियों में बढ़ी उम्मीद

शिक्षा मंत्री के इस बयान के बाद TRE-4 की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के बीच नोटिफिकेशन को लेकर उम्मीद बढ़ गई है। मंत्री ने साफ तौर पर कहा है कि किसी भी समय TRE-4 की वैकेंसी जारी हो सकती है और घोषित संख्या से अधिक पद आने की संभावना है। अब अभ्यर्थियों की नजर BPSC की आधिकारिक अधिसूचना पर है। नोटिफिकेशन जारी होने के बाद ही पदों की वास्तविक संख्या, आवेदन की तारीख, पात्रता और परीक्षा से जुड़ी अन्य जानकारी स्पष्ट होगी।

Share This Article