बिहार में एक दर्जन से अधिक सीनियर IAS अधिकारियों का तबादला, सरकार ने जारी किया आदेश

BNT
By
7 Min Read

BNT Desk: बिहार सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए एक दर्जन से अधिक सीनियर IAS अधिकारियों का तबादला किया है। सरकार ने कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारी सौंपी है, जबकि कुछ अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से तबादले को लेकर आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है। सरकार के इस फैसले के बाद कई महत्वपूर्ण विभागों में अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं। नई पदस्थापना के साथ अधिकारियों को अलग-अलग विभागों की जिम्मेदारी दी गई है।

 

भोजपुर को मिला नया जिलाधिकारी

सबसे पहले भोजपुर जिले की बात करें तो 2015 बैच के IAS अधिकारी मनेश कुमार मीणा को भोजपुर का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। इससे पहले तनय सुल्तानिया भोजपुर के DM की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। अब 2017 बैच के IAS अधिकारी तनय सुल्तानिया को सीतामढ़ी का नया जिलाधिकारी बनाया गया है।

 

बेगूसराय और कैमूर में भी नए DM

2016 बैच के IAS अधिकारी रिची पांडेय को बेगूसराय का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। वहीं 2019 बैच के IAS अधिकारी कुमार अनुराग को कैमूर यानी भभुआ का नया DM बनाया गया है। इसके अलावा सीवान के जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय को भी पद से हटा दिया गया है। उन्हें सामान्य प्रशासन विभाग में वेटिंग फॉर पोस्टिंग में भेजा गया है। सीवान में हाल ही में छात्र प्रदर्शन के दौरान गोली चलने की घटना के बाद प्रशासन की भूमिका को लेकर सवाल उठे थे।

 

गृह विभाग में भी बड़ा बदलाव

राज्य के बड़े विभागों में भी अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं। 1997 बैच के IAS अधिकारी पंकज कुमार को गृह विभाग का प्रधान सचिव बनाया गया है। इससे पहले वह ग्रामीण विकास विभाग के प्रधान सचिव की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। पंकज कुमार के पास सामान्य प्रशासन विभाग के जांच आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार भी बना रहेगा। उनके गृह विभाग में आने के बाद 2004 बैच के IAS अधिकारी कुंदन कुमार को गृह सचिव के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है। हालांकि, वह उद्योग विभाग के सचिव बने रहेंगे।

 

वित्त विभाग की जिम्मेदारी बदली

1999 बैच के IAS अधिकारी विनय कुमार को वित्त विभाग का प्रधान सचिव बनाया गया है। इसके साथ ही उन्हें नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। वहीं 2016 बैच के IAS अधिकारी विजय प्रकाश मीणा को नगर विकास एवं आवास विभाग का अपर सचिव बनाया गया है।

 

ग्रामीण विकास विभाग में नई जिम्मेदारी

ग्रामीण विकास विभाग की जिम्मेदारी अब 1996 बैच के IAS अधिकारी एच. आर. श्रीनिवास को दी गई है। उन्हें विभाग का अपर मुख्य सचिव बनाया गया है। इससे पहले एच. आर. श्रीनिवास समाज कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उन्हें सामान्य प्रशासन विभाग के जांच आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।

 

BIPARD के DG बने अरविंद कुमार चौधरी

1995 बैच के IAS अधिकारी अरविंद कुमार चौधरी को BIPARD के महानिदेशक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वह मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग के अपर मुख्य सचिव की जिम्मेदारी भी संभालते रहेंगे। सरकार के इस फैसले से उन्हें एक और महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है।

 

शिक्षा विभाग में भी बदलाव

शिक्षा से जुड़े विभागों में भी अधिकारियों की जिम्मेदारी बदली गई है। 2013 बैच के IAS अधिकारी नवदीप शुक्ला को बिहार शिक्षा परियोजना परिषद का परियोजना निदेशक बनाया गया है। इसके साथ ही उन्हें युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग में विशेष सचिव और बिहार कौशल विकास मिशन से जुड़ी अतिरिक्त जिम्मेदारियां भी दी गई हैं।

 

जल संसाधन विभाग में बदलाव

2010 बैच के IAS अधिकारी चन्द्रशेखर सिंह लघु जल संसाधन विभाग के सचिव बने रहेंगे। इसके साथ ही उन्हें जल संसाधन विभाग से जुड़ी अतिरिक्त जिम्मेदारी भी दी गई है। वहीं बी. कार्तिकेय धनजी को लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग का सचिव बनाया गया है। उन्हें लघु जल संसाधन विभाग की जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया गया है।

 

पटना प्रमंडल में भी बड़ा बदलाव

पटना प्रमंडल के स्तर पर भी प्रशासनिक बदलाव किया गया है। राजेश कुमार को पटना का नया प्रमंडलीय आयुक्त बनाया गया है। वहीं पटना के मौजूदा प्रमंडलीय आयुक्त मयंक वरवड़े को निगरानी विभाग का प्रधान सचिव बनाया गया है। इस बदलाव के साथ पटना प्रमंडल के प्रशासनिक स्तर पर भी नई जिम्मेदारी तय की गई है।

 

मद्य निषेध विभाग में संजय कुमार सिंह

वित्त विभाग में भी अधिकारियों की जिम्मेदारी बदली गई है। संजय कुमार सिंह को वित्त विभाग से हटाकर मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग का सचिव बनाया गया है।उनके पास वाणिज्य कर विभाग और मुख्यमंत्री सचिवालय की अतिरिक्त जिम्मेदारियां बनी रहेंगी।

 

कई विभागों और जिलों में बदली जिम्मेदारी

कुल मिलाकर बिहार सरकार के इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल में कई जिलों के DM से लेकर राज्य के प्रमुख विभागों के शीर्ष अधिकारियों तक की जिम्मेदारियां बदली गई हैं। भोजपुर, सीतामढ़ी, बेगूसराय, कैमूर और सीवान जैसे जिलों में नई प्रशासनिक टीम के साथ कामकाज आगे बढ़ेगा।वहीं गृह, वित्त, ग्रामीण विकास, शिक्षा, नगर विकास, जल संसाधन और निगरानी जैसे महत्वपूर्ण विभागों में भी वरिष्ठ अधिकारियों की नई जिम्मेदारियां तय की गई हैं।

अब इन अधिकारियों की नई पोस्टिंग के बाद प्रशासनिक कामकाज में क्या बदलाव देखने को मिलता है और इसका जिलों एवं विभागों पर क्या असर पड़ता है, इस पर सभी की नजर रहेगी।

Share This Article