BNT Desk: दरभंगा पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी ने 39 पुलिस पदाधिकारियों का तत्काल प्रभाव से तबादला कर दिया है। तबादले की सूची जारी होते ही पुलिस विभाग में हलचल तेज हो गई। नए आदेश के तहत पुलिस अवर निरीक्षक (SI) और प्रभारी पुलिस अवर निरीक्षक स्तर के अधिकारियों को अलग-अलग थानों और इकाइयों में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। SSP ने सभी स्थानांतरित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे बिना देरी किए अपने नए पदस्थापन स्थल पर योगदान दें।
कई महत्वपूर्ण थानों में बदले गए अधिकारी
जारी आदेश के अनुसार जिले के कई महत्वपूर्ण थानों में नए अधिकारियों की तैनाती की गई है। हायाघाट थाना से एसआई सावन भारती को बेंता थाना भेजा गया है। वहीं सोनकी थाना से रतन कुमार का तबादला जाले थाना किया गया है। नेहरा थाना से निलेश कुमार को सिंहवाड़ा, विशनपुर थाना से सत्य प्रकाश यादव को बहेड़ी और बड़गांव थाना से अखिलेश कुमार को भालपट्टी थाना में नई जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा बहेड़ी थाना से रौशन कुमार को लहेरियासराय, कोतवाली थाना से ओमप्रकाश कुमार को अलीनगर, बेंता से सौरभ कुमार को कमतौल, अलीनगर से विकास मंडल को कोतवाली और विशनपुर से सुशील कुमार राय को बड़गांव थाना भेजा गया है।
जिला आसूचना इकाई और अन्य थानों में भी बदलाव
एसएसपी के आदेश के तहत जाले थाना से दिव्यांशु शेखर का तबादला जिला आसूचना इकाई में किया गया है। वहीं भरत कुमार को जाले से विशनपुर भेजा गया है। कमतौल थाना से राहुल कुमार को सोनकी, सिमरी से संजीव कुमार को जमालपुर तथा लहेरियासराय से कुमारी अर्चना सिंह को बहेड़ी थाना में पदस्थापित किया गया है। इन तबादलों के जरिए कई थानों में नई टीम तैयार की गई है, जिससे पुलिसिंग को और बेहतर बनाने की कोशिश की जा रही है।
महिला पुलिस पदाधिकारियों का भी हुआ स्थानांतरण
इस प्रशासनिक फेरबदल में महिला पुलिस अधिकारियों का भी तबादला किया गया है। सदर थाना से मोनिषा गुप्ता को विश्वविद्यालय थाना भेजा गया है। महिला थाना से कुमारी मधुबाला को भालपट्टी, विश्वविद्यालय थाना से लक्की कुमारी को कमतौल और बहेड़ी से अंकिता कुमारी को सदर थाना में नई जिम्मेदारी दी गई है। इसी तरह भालपट्टी से ज्योति कुमारी को महिला थाना, मब्बी से मधुलता भारती को सकतपुर और कमतौल से अभिलाषा कुमारी को वाजितपुर थाना भेजा गया है। इसके अलावा चार्ली कुमारी का तबादला सकतपुर से मब्बी और पूजा कुमारी का वाजितपुर से लहेरियासराय थाना किया गया है।
प्रभारी पुलिस अवर निरीक्षकों की भी नई तैनाती
प्रभारी पुलिस अवर निरीक्षक स्तर पर भी कई अधिकारियों का तबादला किया गया है। विक्रांत कुमार को सिंहवाड़ा से केवटी, पवन कुमार को लहेरियासराय से जाले और माधुरी कुमारी को नगर थाना से विश्वविद्यालय थाना भेजा गया है। इसके अलावा आलोक रंजन को नगर थाना से बेंता, भगीरथ झा को नगर थाना से बहेड़ी, रौशन कुमार को बहादुरपुर से विशनपुर तथा अभिषेक राज को बहादुरपुर से एपीएम थाना में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
अन्य अधिकारियों का भी हुआ तबादला
एसएसपी के आदेश के अनुसार हरिशंकर कुमार को सदर थाना से मनीगाछी, जयप्रकाश कुमार को सदर थाना से बड़गांव, कुंदन कुमार और नीतीश कुमार-3 को कमतौल से केवटी भेजा गया है। वहीं अविनाश कुमार को कमतौल से बहेड़ी, साधना कुमारी को बहेड़ा से बहेड़ी, राहुल कुमार को बिरौल से सिमरी तथा सनम राय कुमार को बिरौल से जमालपुर थाना में पदस्थापित किया गया है।
कानून-व्यवस्था मजबूत करने की कवायद
पुलिस विभाग के अधिकारियों के अनुसार इस व्यापक प्रशासनिक फेरबदल का उद्देश्य जिले में पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाना है। लंबे समय से एक ही थाने में तैनात अधिकारियों का रोटेशन किया गया है ताकि कार्यकुशलता बढ़े और कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा सके। SSP जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी ने सभी स्थानांतरित अधिकारियों को तत्काल अपने नए कार्यस्थल पर योगदान देने का निर्देश दिया है। माना जा रहा है कि इस फेरबदल से जिले में पुलिसिंग और प्रशासनिक व्यवस्था को नई गति मिलेगी।