बिहार: वाल्मीकि टाइगर रिजर्व में अतिक्रमण हटाने गई टीम पर हमला, ग्रामीणों ने JCB फूंकी, कई घायल

BiharNewsAuthor
2 Min Read

BNT Desk: पश्चिम चंपारण के वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (VTR) क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान गुरुवार को तनावपूर्ण स्थिति बन गई। वन विभाग की टीम जब अतिक्रमण हटाने पहुंची, तो वहां मौजूद लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया और टीम पर हमला कर दिया गया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने कार्रवाई में लगी एक JCB मशीन में आग लगा दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

 

कई लोगों के घायल होने की सूचना

घटना में कई लोगों के घायल होने की सूचना है। हालांकि, घायलों की आधिकारिक संख्या अभी सामने नहीं आई है। हालात को देखते हुए पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

 

वन विभाग की टीम से बदसलूकी का आरोप

जानकारी के अनुसार, वन विभाग की टीम वाल्मीकि टाइगर रिजर्व की जमीन से अतिक्रमण हटाने पहुंची थी। इसी दौरान कुछ अतिक्रमणकारियों ने टीम के साथ कथित तौर पर बदसलूकी की और कार्रवाई का विरोध किया।

 

मौके पर भारी पुलिस बल तैनात

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। बगहा-2 के आरओ रवि प्रकाश चौधरी और एसडीपीओ निहार भूषण ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। प्रशासन ने पूरे इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया है ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।

 

वाल्मीकिनगर थाना क्षेत्र का मामला

यह घटना वाल्मीकिनगर थाना क्षेत्र के ठाड़ी स्थित धनैया इलाके की बताई जा रही है। फिलहाल प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल घटना के कारणों और नुकसान को लेकर प्रशासन की ओर से विस्तृत आधिकारिक जानकारी का इंतजार है। जांच के बाद ही पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी।

Share This Article