बिहार में मौसम का मिजाज बदल रहा है। पटना समेत 15 जिलों में गुरुवार को अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के अनुसार अगले तीन दिनों में तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की और गिरावट आ सकती है।
पछुआ हवाओं के चलते राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम गर्म और शुष्क बना हुआ है। हवा की रफ्तार 30 से 35 किलोमीटर प्रति घंटा रहने के साथ आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे।
यलो अलर्ट जारी
20 से 22 मार्च के बीच उत्तर बिहार और दक्षिण-पूर्व बिहार के कुछ जिलों में गरज के साथ बूंदाबांदी हो सकती है। इसे लेकर मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है।
प्रमुख शहरों का तापमान
पटना का अधिकतम तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस गिरकर 33.9 डिग्री पर आ गया, जबकि न्यूनतम 23 डिग्री दर्ज किया गया। कैमूर के भभुआ में 36.4 डिग्री के साथ राज्य का सबसे अधिक तापमान रिकॉर्ड किया गया। गया में 35.2 और भागलपुर व मुजफ्फरपुर में 32 डिग्री अधिकतम तापमान रहा। नालंदा में हवा की गति 26 किलोमीटर प्रति घंटा रही।
राजधानी और आसपास के इलाकों में शाम के बाद हल्के बादलों के कारण मौसम सामान्य बना रहा।