बिहार: मनीष कश्यप ने शेयर की ‘हमसफर’ के साथ तस्वीर, अनुष्का शर्मा से रिश्ते की चर्चाएं तेज

BNT
By
4 Min Read

BNT Desk: बिहार के चर्चित यूट्यूबर और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मनीष कश्यप एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में हैं। उन्होंने हाल ही में सोशल मीडिया पर एक युवती के साथ तस्वीर साझा की है। इसके बाद उनके रिश्ते को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। तस्वीर में उनके साथ नजर आ रही युवती का नाम अनुष्का शर्मा बताया जा रहा है। पोस्ट के सामने आने के बाद फैंस के बीच सवाल उठने लगे हैं कि क्या मनीष कश्यप जल्द ही शादी करने वाले हैं।

मनीष कश्यप के साथ अनुष्का शर्मा ने भी अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर तस्वीर साझा की है। पोस्ट को मनीष कश्यप के अकाउंट के साथ कोलैबरेट किया गया है। तस्वीर में दोनों ब्लैक शर्ट और ब्लू जींस में नजर आ रहे हैं।

 

रोमांटिक कैप्शन ने खींचा फैंस का ध्यान

तस्वीर के साथ लिखा गया कैप्शन सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच रहा है। इसमें लिखा है, “अब हर सफर तुम्हारे साथ। ख्वाबों में देखा था जिस खूबसूरत एहसास को, आज उसी हमसफर के साथ एक नई कहानी दुनिया के सामने है।” इस रोमांटिक कैप्शन के बाद सोशल मीडिया पर दोनों के रिश्ते को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। कई फैंस इसे मनीष कश्यप की जिंदगी में किसी खास व्यक्ति के आने और रिश्ते को सार्वजनिक करने के संकेत के तौर पर देख रहे हैं। हालांकि, मनीष कश्यप और अनुष्का की ओर से अब तक शादी को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। इसलिए दोनों के विवाह को लेकर चल रही चर्चाओं की पुष्टि नहीं हुई है।

 

‘राइज एंड फॉल’ शो में मनीष ने किया था खास व्यक्ति का जिक्र

गौरतलब है कि मनीष कश्यप कुछ समय पहले रियलिटी शो ‘राइज एंड फॉल’ में नजर आए थे। शो के दौरान उन्होंने अपनी निजी जिंदगी से जुड़ी कुछ बातें साझा की थीं। उन्होंने संकेत दिया था कि उनकी जिंदगी में कोई खास व्यक्ति है और शो से बाहर आने के बाद वह शादी कर सकते हैं। उस समय मनीष ने उस खास व्यक्ति का नाम सार्वजनिक नहीं किया था। अब अनुष्का शर्मा के साथ उनकी तस्वीर सामने आने के बाद फैंस उनके पुराने बयान को इस पोस्ट से जोड़कर देख रहे हैं। हालांकि, मनीष ने दोनों के रिश्ते या शादी को लेकर कोई औपचारिक जानकारी साझा नहीं की है।

 

कौन हैं अनुष्का शर्मा?

मनीष कश्यप के साथ तस्वीर सामने आने के बाद अनुष्का शर्मा भी चर्चा में हैं। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, अनुष्का शर्मा को अनुष्का कुमारी के नाम से भी जाना जाता है। वह बिहार के औरंगाबाद जिले के दाउदनगर क्षेत्र की रहने वाली बताई जाती हैं।  अनुष्का ने पटना विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। इसके अलावा उनका छात्र राजनीति से भी जुड़ाव रहा है। बताया जाता है कि वह पटना विश्वविद्यालय छात्र संघ (PUSU) के चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) की ओर से अध्यक्ष पद की उम्मीदवार भी रह चुकी हैं।

 

सोशल मीडिया पर मिल रही बधाइयां

मनीष कश्यप और अनुष्का की तस्वीर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर फैंस लगातार प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कई लोग दोनों को नई शुरुआत के लिए बधाई दे रहे हैं, जबकि कुछ उनकी शादी की तारीख जानने को उत्सुक हैं। फिलहाल, दोनों की ओर से शादी को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में तस्वीर और कैप्शन को लेकर चर्चाएं जरूर तेज हैं, लेकिन शादी की तारीख या अन्य विवरण सामने आने का इंतजार है।

Share This Article