BNT Desk: भोजपुर जिले में अपराध का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जगदीशपुर थाना क्षेत्र के तेंदूनी गांव में मंगलवार की रात अज्ञात अपराधियों ने घर में सो रहे मां-बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी। मां की चाकू से गला रेतकर हत्या की गई, जबकि बेटे के शरीर पर चाकू से कई वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया गया। बुधवार की सुबह घटना की जानकारी मिलने के बाद गांव और आसपास के इलाकों में सनसनी फैल गई। दोहरे हत्याकांड के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।
मृतकों की पहचान रमावती कुंअर और सुनील कुमार के रूप में
मृतकों की पहचान जगदीशपुर थाना क्षेत्र के तेंदूनी गांव के वार्ड नंबर सात निवासी स्वर्गीय विश्वामित्र सिंह की 55 वर्षीय पत्नी रमावती कुंअर और उनके 30 वर्षीय पुत्र सुनील कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, रमावती कुंअर अपने छोटे बेटे सुनील कुमार के साथ रहती थीं। उनके परिवार में दो बेटे और एक बेटी हैं। बड़ा बेटा शादीशुदा है और अपनी पत्नी व बच्चों के साथ अलग रहता है।
रात में घर में घुसकर हत्या की आशंका
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार की रात मां-बेटे ने खाना खाने के बाद अपने घर में सोने चले गए थे। इसी दौरान अज्ञात अपराधियों ने घर में घुसकर दोनों की हत्या कर दी। बुधवार सुबह घटना का पता चलने के बाद ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। हालांकि, अपराधी घर में किस तरह दाखिल हुए और वारदात को किस समय अंजाम दिया गया, इसकी स्पष्ट जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
पुलिस और एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलते ही जगदीशपुर एसडीपीओ रवि कुमार और थानाध्यक्ष आशीष कुमार साह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके पर छानबीन शुरू की और मामले की जांच के लिए एफएसएल यानी विधि विज्ञान प्रयोगशाला तथा डीआईयू की टीम को भी बुलाया। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से कई तकनीकी साक्ष्य एकत्र किए हैं। साक्ष्य जुटाने के बाद पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, आरा भेज दिया।
हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी पुलिस
फिलहाल मां-बेटे की हत्या के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस सभी संभावित बिंदुओं पर जांच कर रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वारदात के पीछे कोई पुरानी रंजिश, पारिवारिक विवाद या अन्य कारण था या नहीं। दोहरे हत्याकांड से तेंदूनी गांव सहित आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस की जांच और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।