मधुबनी में बेकाबू हुआ लोगों का गुस्सा, डीएम आनंद शर्मा से महिलाओं की तीखी नोकझोंक; कॉलर पकड़ने का आरोप

BNT
By
3 Min Read

BNT Desk: मधुबनी जिले के बाबूबरही में पुलिस फायरिंग की घटना के बाद तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। घटना के विरोध में खोजपुर में आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर रखा था। प्रदर्शनकारियों को समझाने-बुझाने के लिए डीएम आनंद शर्मा और एसपी योगेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे। इसी दौरान कुछ आक्रोशित महिलाओं ने डीएम आनंद शर्मा के साथ कथित तौर पर बदसलूकी की और उनका कॉलर पकड़ लिया। घटना के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया।

डीएम के साथ महिलाओं की तीखी नोकझोंक

मौके से सामने आई तस्वीरों में डीएम आनंद शर्मा और महिलाओं के बीच तीखी नोकझोंक देखी जा सकती है। बताया जा रहा है कि प्रदर्शन के दौरान महिलाओं का गुस्सा काफी बढ़ गया था। स्थिति बिगड़ती देख सुरक्षाकर्मियों ने बीच-बचाव किया और डीएम को प्रदर्शनकारियों से अलग किया। घटना के दौरान मौके पर मौजूद अधिकारियों और सुरक्षाकर्मियों ने लोगों को शांत कराने की कोशिश की। हालांकि, पुलिस फायरिंग को लेकर इलाके में लोगों का आक्रोश बना हुआ है।

 

पुलिस पिकेट पर तैनात ASI की फायरिंग में एक की मौत

गौरतलब है कि बीती देर रात बाबूबरही में पुलिस पिकेट पर तैनात एएसआई चंद्रमोहन सिंह ने कथित तौर पर अपनी सर्विस रिवॉल्वर से अंधाधुंध फायरिंग कर दी थी। इस घटना में चार लोगों को गोली लगी थी। घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हैं। फायरिंग की घटना के बाद से ही इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोग आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

 

आरोपी पुलिसकर्मी पर कार्रवाई की मांग

घटना के विरोध में लोगों ने सड़क जाम कर प्रशासन के सामने अपनी नाराजगी जताई। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि फायरिंग के आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और पीड़ित परिवारों को न्याय मिले। प्रशासनिक अधिकारियों के मौके पर पहुंचने के बावजूद स्थिति कुछ समय के लिए तनावपूर्ण बनी रही। डीएम के साथ हुई कथित बदसलूकी ने घटनास्थल पर हालात को और संवेदनशील बना दिया।

 

इलाके में तनाव, प्रशासन के सामने चुनौती

बाबूबरही में फायरिंग की घटना के बाद लोगों का गुस्सा लगातार सामने आ रहा है। एक व्यक्ति की मौत और तीन लोगों के घायल होने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है। प्रशासन के सामने फिलहाल कानून-व्यवस्था बनाए रखने और लोगों को शांत करने की चुनौती है। मामले में पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई और घटना की जांच को लेकर आगे की आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।

Share This Article