BNT Desk: बिहार के मुंगेर जिले में तारापुर थाना पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस का आरोप है कि युवक सोशल मीडिया के जरिए एक पाकिस्तानी गैंगस्टर के संपर्क में था। उसके पास से एक देसी पिस्टल, खाली मैगजीन और मोबाइल फोन बरामद किया गया है। पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही अन्य एजेंसियों के साथ मिलकर पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।
गुप्त सूचना के बाद हुई कार्रवाई
तारापुर के एसडीपीओ कुमार देवेंद्र ने प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मिलकी खानपुर निवासी मोहम्मद सद्दाम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप के जरिए एक पाकिस्तानी गैंगस्टर राणा हुसैन के संपर्क में है। पुलिस के अनुसार, इस व्यक्ति का नाम पहले बिहार एटीएस के एक मामले में भी सामने आ चुका है। सूचना मिलने के बाद थाना अध्यक्ष राजकुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रविवार देर रात आरोपी के घर पर छापेमारी की।
भागने की कोशिश, फिर गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक, छापेमारी के दौरान आरोपी घर से भागने की कोशिश करने लगा। इसी दौरान उसने शौचालय की छत पर लगी नागफनी की झाड़ी में एक संदिग्ध वस्तु फेंक दी। पुलिस ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ।
मोबाइल में मिला संदिग्ध नंबर
पुलिस का कहना है कि मोबाइल की जांच में संपर्क सूची में “राना भाई” नाम से एक पाकिस्तानी मोबाइल नंबर सेव मिला। इसके बाद घर की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान नागफनी की झाड़ी से कपड़े में लिपटी एक देसी पिस्टल और उसकी खाली मैगजीन बरामद की गई।
पूछताछ में क्या बताया आरोपी ने?
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पिछले कुछ वर्षों से मुंबई में रह रहा था। वहीं उसकी पहचान कथित तौर पर राणा हुसैन के नेटवर्क से जुड़े लोगों से हुई। आरोपी ने यह भी बताया कि करीब तीन महीने पहले उसे मुंबई में यह पिस्टल दी गई थी। बाद में पुलिस कार्रवाई की जानकारी मिलने पर वह हथियार लेकर अपने गांव लौट आया।
दो अन्य नंबरों की भी जांच
एसडीपीओ ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने दो अन्य मोबाइल नंबरों की भी जानकारी दी है। पुलिस अब उन नंबरों के इस्तेमाल करने वाले लोगों की पहचान करने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है और जरूरत पड़ने पर अन्य एजेंसियों की भी मदद ली जाएगी।
बड़ी साजिश की आशंका, जांच जारी
पुलिस के अनुसार, शुरुआती पूछताछ में यह जानकारी भी सामने आई है कि नेटवर्क के निर्देश पर दिल्ली के किसी भीड़भाड़ वाले इलाके में पेट्रोल बम से बड़ी घटना की साजिश रची जा रही थी। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस इनपुट का अभी सत्यापन किया जा रहा है। मामले की जांच विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही अंतिम निष्कर्ष सामने आएगा।
इन धाराओं में दर्ज हुआ केस
थानाध्यक्ष राजकुमार के बयान पर तारापुर थाना में मोहम्मद सद्दाम और दो अज्ञात मोबाइल नंबर धारकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 113(3), 3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25(1B)(A) और 26 के तहत केस दर्ज किया गया है।
अन्य लोगों की तलाश जारी
एसडीपीओ कुमार देवेंद्र ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय किया जा रहा है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और उससे जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच का उद्देश्य किसी भी संभावित आपराधिक या आतंकी घटना को समय रहते रोकना है।