मुजफ्फरपुर: शक की आग में प्रेमी बना कातिल, प्रेमिका को मारी गोली, पुलिस ने रास्ते में दबोचा

मुजफ्फरपुर में 'लव ट्रायंगल' के शक में 17 वर्षीय किशोर ने अपनी 15 साल की प्रेमिका की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी। दिल्ली से लौटे प्रेमी को शक था कि छात्रा किसी और से बात करती है। पुलिस ने आरोपी को पिस्टल के साथ गिरफ्तार कर लिया है।

BNT
By
3 Min Read

BNT Desk: मुजफ्फरपुर के सकरा थाना इलाके में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां महज 17 साल के एक किशोर ने अपनी 15 साल की प्रेमिका की गोली मारकर हत्या कर दी। शक और ‘लव ट्रायंगल’ के चलते अंजाम दी गई इस घटना ने पूरे इलाके को सन्न कर दिया है।

प्रेम, शक और दिल्ली से वापसी

मृतक लड़की 9वीं कक्षा की छात्रा थी और आरोपी उसका पड़ोसी था। दोनों के बीच पिछले एक साल से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। करीब 4 महीने पहले आरोपी काम के सिलसिले में दिल्ली चला गया था। इस दौरान उसकी प्रेमिका से बातचीत कम होने लगी। आरोपी के एक दोस्त ने उसे सूचना दी कि उसकी गर्लफ्रेंड किसी और लड़के से बात करने लगी है। इस शक ने प्रेमी के मन में नफरत भर दी और वह 7 दिन पहले दिल्ली से मुजफ्फरपुर लौट आया।

आधी रात को घर में घुसकर मारी गोली

मुजफ्फरपुर लौटने के बाद आरोपी लगातार प्रेमिका पर मिलने का दबाव बना रहा था, लेकिन वह मना कर रही थी। मंगलवार की देर रात, जब लड़की का पूरा परिवार सो रहा था, आरोपी घर के एक छोटे गेट से अंदर घुस गया। आंगन में दोनों के बीच तीखी बहस हुई। गुस्से में आकर आरोपी ने पिस्टल निकाली और लड़की के सिर में गोली मार दी। गोली की आवाज के बावजूद गहरी नींद में सो रहे परिजनों को घटना की भनक तक नहीं लगी।

पुलिस को देख भागने लगा कातिल

हत्या के बाद आरोपी खुद सरेंडर करने की फिराक में था। वह पुलिस स्टेशन की ओर जा रहा था, तभी रास्ते में पुलिस की गश्ती गाड़ी देखकर वह घबरा गया और भागने लगा। पुलिस ने संदेह होने पर उसे खदेड़कर पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया और पूरी कहानी सुनाई। पुलिस जब आरोपी को लेकर लड़की के घर पहुंची, तब जाकर परिजनों को पता चला कि उनकी बेटी अब इस दुनिया में नहीं है।

परिजनों का बुरा हाल और पुलिस की कार्रवाई

मृतका की मां ने बताया कि पुलिस ने रात ढाई बजे दरवाजा खटखटाया। जब वे बाहर निकले तो बेटी आंगन में खून से लथपथ पड़ी थी। पुलिस ने मौके से एक खोखा और आरोपी के पास से हत्या में इस्तेमाल पिस्टल बरामद कर ली है। डीएसपी (पूर्वी 2) मनोज कुमार सिंह के अनुसार, प्राथमिक जांच में मामला प्रेम-प्रसंग में शक के कारण की गई हत्या का है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

 

Share This Article