BNT Desk: बिहार के लोगों के लिए नए साल में एक बड़ी खुशखबरी आई है। राज्य में यातायात को रफ्तार देने के लिए 5 नए स्टेट हाईवे बनाने का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है। बिहार सरकार को इन सड़कों के लिए एशियाई विकास बैंक (ADB) से करीब 2900 करोड़ रुपये ($200 मिलियन) की बड़ी मदद मिलने वाली है। बैंक ने इस प्रोजेक्ट के लिए अपनी अंतिम मंजूरी दे दी है, जिसके बाद अब सड़कों के निर्माण का काम जल्द शुरू कर दिया जाएगा।
क्या है पूरा प्रोजेक्ट और किन जिलों को होगा फायदा?
इस योजना के तहत बिहार के अलग-अलग जिलों में कुल 225 किलोमीटर लंबी सड़कों का निर्माण होगा। इन प्रोजेक्ट्स का मुख्य उद्देश्य गांवों और कस्बों को मुख्य शहरों से जोड़ना है। इससे भोजपुर, मुंगेर, बांका, गया, सारण, सीवान और मुजफ्फरपुर जैसे जिलों को सीधा फायदा मिलेगा। खास बात यह है कि ये सड़कें अभी सिंगल लेन की हैं, जिन्हें अब कम से कम टू-लेन (दो लेन) तक चौड़ा किया जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि जरूरत पड़ने पर भविष्य में इन्हें और भी विस्तार दिया जा सकता है।
इन 5 प्रमुख सड़कों पर होगा काम
सड़क निर्माण विभाग ने जिन पांच सड़कों को चुना है, उनका ब्यौरा इस प्रकार है:
गया: बनगंगा-जेठियन-गहलौर-भिंडस सड़क (41.25 किमी) – लागत 361.25 करोड़।
मुंगेर और बांका: असरगंज-शंभुगंज-धोरैया रोड (72.18 किमी) – लागत 701.26 करोड़।
भोजपुर: आरा-एकौना-खैरा-सहार रोड (32 किमी) – लागत 373.56 करोड़।
सारण और सीवान: छपरा-माझी-दरौली-गुठनी रोड (32 किमी) – लागत 373.56 करोड़।
मुजफ्फरपुर: हथौड़ी-अतरार-औरई रोड और हाईलेवल ब्रिज (21 किमी) – लागत 814.22 करोड़।
कब तक पूरा होगा काम?
पैसे की मंजूरी मिलने के साथ ही विभाग ने काम करने वाली एजेंसियों को हरी झंडी दे दी है। सरकार का लक्ष्य है कि काम शुरू होने के अगले दो साल के भीतर इन सभी सड़कों को पूरा कर लिया जाए। जैसे-जैसे निर्माण कार्य आगे बढ़ेगा, ADB चरणवार तरीके से पैसे जारी करता रहेगा। इन सड़कों के बनने से न केवल सफर आसान होगा, बल्कि व्यापार और रोजगार के नए मौके भी खुलेंगे।