पटना: बांकीपुर विधायक प्रशांत किशोर ने ली शपथ, बोले- दिग्गज नेताओं के आदर्शों पर चलकर करूंगा काम

BNT
By
3 Min Read

BNT Desk: बांकीपुर से नवनिर्वाचित विधायक प्रशांत किशोर ने सोमवार को बिहार विधानसभा में विधायक पद की शपथ ली। शपथ लेने के बाद उन्होंने सदन का सदस्य बनने को अपने लिए गौरव की बात बताया। उन्होंने कहा कि बिहार के कई दिग्गज नेता इस सदन के सदस्य रह चुके हैं और वह उनके आदर्शों पर चलते हुए जनता के लिए काम करने का प्रयास करेंगे। प्रशांत किशोर ने कहा कि श्रीकृष्ण बाबू, केदार पांडे, नीतीश कुमार, लालू प्रसाद यादव, सुशील कुमार मोदी और रामविलास पासवान जैसे बड़े नेता बिहार विधानसभा के सदस्य रहे हैं। ऐसे सदन का सदस्य बनना उनके लिए गौरव की बात है।

 

दिग्गज नेताओं के आदर्शों पर चलने की बात

विधायक पद की शपथ लेने के बाद प्रशांत किशोर ने कहा कि जिन महापुरुषों और दिग्गज नेताओं के नाम उन्होंने लिए हैं, उनके आदर्शों पर चलने की कोशिश करेंगे। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता जनता के लिए काम करना और लोगों से जुड़े मुद्दों को विधानसभा में उठाना होगी। बांकीपुर उपचुनाव में जीत के बाद प्रशांत किशोर पहली बार बिहार विधानसभा के सदस्य बने हैं। शपथ ग्रहण के बाद उन्होंने सदन में अपनी भूमिका को लेकर भी अपनी बात रखी।

 

लखीसराय हादसे पर बोले- पूरी जानकारी के बाद बोलूंगा

लखीसराय के अशोक धाम मंदिर में हुए भगदड़ हादसे को लेकर भी प्रशांत किशोर ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि वह थोड़ी देर में घटनास्थल के लिए रवाना हो रहे हैं।उन्होंने कहा कि हादसे की पूरी जानकारी लेने के बाद ही वह इस मामले पर बोलेंगे और यह बताएंगे कि गलती किसकी है। उन्होंने कहा कि किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले घटनास्थल की वास्तविक स्थिति और पूरी जानकारी को समझना जरूरी है। मुख्यमंत्री की चुप्पी को लेकर पूछे गए सवाल पर प्रशांत किशोर ने कहा कि मुख्यमंत्री को इस मामले पर बोलना चाहिए।

 

डस्टबिन खरीद मामले पर भी रखी प्रतिक्रिया

बिहार में डस्टबिन की खरीद को लेकर उठे राजनीतिक विवाद पर भी प्रशांत किशोर से सवाल किया गया। इस पर उन्होंने कहा कि उन्हें इस मामले की जानकारी मीडिया के जरिए मिली है। उन्होंने कहा कि वह फिलहाल मामले की पूरी जानकारी जुटा रहे हैं। पूरी जानकारी मिलने के बाद ही वह डस्टबिन खरीद मामले पर अपनी प्रतिक्रिया देंगे। प्रशांत किशोर ने साफ किया कि किसी भी मुद्दे पर बोलने से पहले वह उसके तथ्यों और पूरी जानकारी को समझना चाहते हैं। ऐसे में डस्टबिन खरीद से जुड़े आरोपों पर उन्होंने फिलहाल कोई अंतिम टिप्पणी नहीं की।

 

जनता से जुड़े मुद्दे उठाने पर रहेगा जोर

विधायक पद की शपथ लेने के बाद प्रशांत किशोर के सामने अब विधानसभा में बांकीपुर के साथ-साथ बिहार से जुड़े मुद्दों को उठाने की जिम्मेदारी होगी। उन्होंने अपने बयान में साफ संकेत दिया कि वह जनता से जुड़े विषयों पर सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

Share This Article