पटना: बांकीपुर उपचुनाव में NDA का शक्ति प्रदर्शन, अभिषेक कुमार के समर्थन में उतरे बड़े नेता

BiharNewsAuthor
2 Min Read

BNT Desk: पटना की बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार अभिषेक कुमार के नामांकन के दौरान एनडीए के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इस दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद रविशंकर प्रसाद ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए भाजपा की कार्यसंस्कृति की तारीफ की।

 

‘साधारण कार्यकर्ता को भी मिलता है बड़ा अवसर’

रविशंकर प्रसाद ने कहा कि एनडीए प्रत्याशी अभिषेक कुमार एक साधारण कार्यकर्ता हैं और भाजपा में एक सामान्य कार्यकर्ता को भी बड़ा अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि छोटे कार्यकर्ता को विधानसभा चुनाव का उम्मीदवार बनाना भाजपा की कार्यसंस्कृति का हिस्सा है। उनके अनुसार, विपक्षी दलों में इस तरह का अवसर कार्यकर्ताओं को नहीं मिलता। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में उतरें और बांकीपुर सीट पर एनडीए की जीत सुनिश्चित करें।

 

संजय सरावगी ने जताया जीत का भरोसा

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में एनडीए प्रत्याशी अभिषेक कुमार की प्रचंड जीत होगी। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता एनडीए के पक्ष में मतदान करेगी और पार्टी बड़े अंतर से चुनाव जीतेगी।

 

HAM ने भी दिया पूरा समर्थन

HAM (हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा) के प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार ने भी एनडीए प्रत्याशी के समर्थन में बयान दिया। उन्होंने कहा कि एक सामान्य कार्यकर्ता को टिकट देकर भाजपा ने कार्यकर्ताओं का सम्मान किया है। उन्होंने कहा कि एनडीए के सभी घटक दल एकजुट होकर बांकीपुर उपचुनाव लड़ रहे हैं और सभी मिलकर अभिषेक कुमार की जीत सुनिश्चित करेंगे।

 

बांकीपुर सीट पर बढ़ा चुनावी मुकाबला

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर सभी प्रमुख राजनीतिक दलों ने अपने-अपने उम्मीदवार मैदान में उतार दिए हैं। ऐसे में चुनावी प्रचार तेज हो गया है और सभी दल अपनी जीत का दावा कर रहे हैं। आने वाले दिनों में इस सीट पर चुनाव प्रचार और भी तेज होने की संभावना है।

Share This Article