पटना: बांकीपुर उपचुनाव; आज नामांकन दाखिल करेंगी RJD प्रत्याशी रेखा गुप्ता, जीत का किया दावा

BiharNewsAuthor
2 Min Read

BNT Desk: पटना की हाई-प्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। महागठबंधन समर्थित राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की प्रत्याशी रेखा गुप्ता आज अपना नामांकन दाखिल करेंगी। नामांकन से पहले उन्होंने पार्टी नेतृत्व का आभार जताया और चुनाव में जीत का भरोसा व्यक्त किया।

 

पार्टी ने जताया भरोसा, निभाऊंगी जिम्मेदारी

रेखा गुप्ता ने कहा कि राजद ने उन पर भरोसा जताया है और वह इस विश्वास पर पूरी तरह खरी उतरने का प्रयास करेंगी। उन्होंने दावा किया कि महागठबंधन बांकीपुर सीट पर जीत दर्ज कर विधानसभा पहुंचेगा।

 

40 साल के प्रतिनिधित्व पर उठाए सवाल

रेखा गुप्ता ने बांकीपुर के मौजूदा प्रतिनिधित्व पर सवाल उठाते हुए कहा कि पिछले लगभग 40 वर्षों से एक ही दल और एक ही परिवार का इस क्षेत्र पर प्रभाव रहा है, लेकिन इसके बावजूद आज भी लोग बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इलाके की गलियां और नालियां बदहाल हैं। साथ ही कहा कि पिछले छह महीनों से जनता को अपना कोई जनप्रतिनिधि नजर नहीं आया।

 

महागठबंधन के नेता होंगे शामिल

राजद प्रत्याशी ने बताया कि उनके नामांकन में महागठबंधन के सभी प्रमुख नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि राजद नेता तेजस्वी यादव फिलहाल किसी जरूरी काम से बाहर हैं, लेकिन चुनाव प्रचार के दौरान वह बांकीपुर आकर उनके पक्ष में प्रचार करेंगे।

त्रिकोणीय मुकाबले पर क्या बोलीं?

बांकीपुर सीट पर संभावित त्रिकोणीय मुकाबले के सवाल पर रेखा गुप्ता ने कहा कि लोकतंत्र में चुनावी मुकाबला होना स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि जनता अपने मत से फैसला करेगी।

 

प्रशांत किशोर के बयान पर प्रतिक्रिया

जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर के उस बयान पर, जिसमें उन्होंने कहा था कि उनकी लड़ाई भाजपा से है, राजद से नहीं, रेखा गुप्ता ने कहा कि यह उनकी व्यक्तिगत राय है। उन्होंने कहा कि महागठबंधन अपनी रणनीति और मुद्दों के आधार पर चुनाव लड़ रहा है और उसे जनता का समर्थन मिलने का पूरा भरोसा है।

Share This Article