BNT Desk: पटना की हाई-प्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव की सियासी लड़ाई अब और दिलचस्प हो गई है। भारतीय जनता पार्टी (BJP), राष्ट्रीय जनता दल (RJD) और जन सुराज के बाद अब राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (RLJP) ने भी अपने उम्मीदवार के नाम का ऐलान कर दिया है। पार्टी ने तनवीर आलम को बांकीपुर विधानसभा सीट से अपना प्रत्याशी बनाया है।
प्रिंस पासवान ने सौंपा पार्टी का सिंबल
पटना स्थित RLJP के प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और पूर्व सांसद प्रिंस पासवान ने तनवीर आलम को पार्टी का अधिकृत चुनाव चिन्ह (सिंबल) सौंपा। इस मौके पर उन्होंने तनवीर आलम को चुनाव के लिए शुभकामनाएं दीं और भरोसा जताया कि पार्टी का उम्मीदवार जनता के बीच मजबूती से अपनी बात रखेगा। कार्यक्रम में पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
तनवीर आलम ने जताया आभार
पार्टी का सिंबल मिलने के बाद तनवीर आलम ने RLJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष पशुपति कुमार पारस और प्रिंस पासवान का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन पर जो भरोसा जताया है, उस पर वह पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि वह बांकीपुर की जनता के बीच विकास, जनसेवा और विश्वास के मुद्दों को लेकर चुनाव लड़ेंगे।
विकास को बताया प्राथमिकता
तनवीर आलम ने कहा कि यदि जनता उन्हें मौका देती है तो क्षेत्र के विकास को सबसे पहली प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और युवाओं के रोजगार जैसे मुद्दों पर काम करने का भरोसा दिलाया। उनका कहना था कि बांकीपुर की जनता बदलाव चाहती है और वह लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करेंगे।
RLJP का दावा- मजबूत होगा मुकाबला
पार्टी नेताओं का कहना है कि तनवीर आलम लंबे समय से सामाजिक कार्यों से जुड़े रहे हैं और क्षेत्र के लोगों के बीच उनकी अच्छी पहचान है। RLJP का दावा है कि उनके मैदान में उतरने से बांकीपुर उपचुनाव का मुकाबला और रोचक हो गया है।
अब मुकाबला होगा और कड़ा
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव पहले से ही बिहार की सबसे चर्चित चुनावी लड़ाइयों में शामिल है। BJP, RJD और जन सुराज के उम्मीदवारों के बाद अब RLJP के भी मैदान में उतरने से मुकाबला और बहुकोणीय हो गया है। अब सभी की नजर चुनाव प्रचार और मतदाताओं के रुख पर टिकी है।