बिहार: तेजस्वी यादव के आरोपों पर विजेंद्र यादव का जवाब, कई मुद्दों पर रखी सरकार की बात

BiharNewsAuthor
4 Min Read

BNT Desk: बिहार सरकार के वरिष्ठ मंत्री विजेंद्र यादव ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के विभिन्न आरोपों पर पलटवार किया है। उन्होंने भरत तिवारी एनकाउंटर मामले, सरकारी आवास, स्टेट हाईवे पर टोल टैक्स, राज्य के खजाने, टैक्स जांच और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बनाए जाने जैसे मुद्दों पर सरकार का पक्ष रखा।

 

‘बड़ी मछली कौन है, पहले यह बताएं’

भरत तिवारी मामले में तेजस्वी यादव द्वारा “बड़ी मछली को बचाने” के आरोप पर विजेंद्र यादव ने कहा कि पहले यह स्पष्ट किया जाए कि बड़ी मछली कौन है। उन्होंने कहा, “बड़ी मछली तो वे (तेजस्वी यादव) खुद हैं। उनका काम सिर्फ बयान देना है।”

 

सरकारी आवास पर भी साधा निशाना

सरकारी आवास खाली करने के मुद्दे पर विजेंद्र यादव ने कहा कि किसी ने भी तेजस्वी यादव को महल में रहने से नहीं रोका है। उन्होंने कहा, “कौन उन्हें महल में रहने से रोक रहा है? खुद महल में रहे, घोटाले किए और अब सवाल उठा रहे हैं।”

 

स्टेट हाईवे पर टोल टैक्स का किया बचाव

बिहार में स्टेट हाईवे पर टोल टैक्स लगाए जाने के फैसले पर उन्होंने कहा कि सड़क का निर्माण और रखरखाव बिना संसाधनों के संभव नहीं है। उन्होंने कहा, “जब सड़क पर गाड़ी चलाते हैं तो उसके मेंटेनेंस का खर्च भी आएगा। टोल टैक्स से राजस्व बढ़ेगा और उसी से सड़कों का रखरखाव किया जाएगा।”

 

‘सरकार का खजाना खाली नहीं’

राज्य का खजाना खाली होने के आरोपों को खारिज करते हुए विजेंद्र यादव ने कहा कि ऐसे बयान तथ्यहीन हैं। उन्होंने कहा, “जिन्हें खजाने की जानकारी नहीं है, वही इस तरह की बातें कर रहे हैं। पिछले तीन महीने में करीब 13 हजार करोड़ रुपये टैक्स प्राप्त हुआ है, जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 11 प्रतिशत अधिक है।”

 

टैक्स जांच पर क्या बोले?

टैक्स से जुड़े मामलों पर उन्होंने कहा कि जांच प्रक्रिया जारी है और नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा, “सही लोगों को पैसा मिलेगा, गलत लोगों को नहीं। लोग अरबों रुपये टैक्स देते हैं और उसी पैसे से विकास कार्य किए जाते हैं।”

 

नीतीश कुमार को पीएम उम्मीदवार बताए जाने पर प्रतिक्रिया

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बताए जाने के सवाल पर विजेंद्र यादव ने कहा कि इस तरह की चर्चाओं का कोई आधार नहीं है। उन्होंने कहा, “यह पूरी तरह निरर्थक और बेबुनियाद बातें हैं। इस पर बोलने का कोई औचित्य नहीं है।” साथ ही उन्होंने कहा कि सरकार “सबका साथ, सबका विकास” के सिद्धांत पर काम कर रही है।

 

एनकाउंटर पर कानून के मुताबिक होगी कार्रवाई

एनकाउंटर के मामलों पर पूछे गए सवाल के जवाब में विजेंद्र यादव ने कहा कि सरकार कानून के शासन में विश्वास रखती है। उन्होंने कहा, “जो भी कानून से बाहर जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।” सरकार का कहना है कि किसी भी मामले में कानून से ऊपर कोई नहीं है और सभी मामलों में नियमानुसार जांच एवं कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article