बांका में 8 साल के मासूम की हत्या का खुलासा: हॉस्टल संचालक ने कबूला गुनाह, कहा- ‘गुस्से में सिर पर 20 बार वार कर दिया’

BiharNewsAuthor
5 Min Read

बिहार के बांका जिले के कटोरिया थाना क्षेत्र स्थित माउंट केरल हॉस्टल में 8 वर्षीय छात्र आनंद की पिटाई से मौत मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। हॉस्टल संचालक राजीव कुमार रंजन ने पूछताछ के दौरान अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर घटना के तीन दिन के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।

CDR, CCTV और तकनीकी जांच से खुला राज

बेलहर एसडीपीओ रविंद्र मोहन ने बताया कि सीडीआर, सीसीटीवी फुटेज, फॉरेंसिक जांच और मैनुअल इनपुट के आधार पर पूरे मामले का खुलासा किया गया। पूछताछ में हॉस्टल संचालक राजीव ने हत्या की पूरी कहानी पुलिस के सामने बयान कर दी।

2023 से चला रहा था स्कूल और हॉस्टल

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह सितंबर 2023 से कटोरिया में माउंट केरल नाम से स्कूल और हॉस्टल का संचालन कर रहा था। स्कूल में पांचवीं तक की पढ़ाई होती थी। घटना के समय स्कूल में 300 से अधिक छात्र पढ़ रहे थे, जबकि हॉस्टल में करीब 80 बच्चे रह रहे थे।

महिला शिक्षिका से बढ़ी नजदीकियां

राजीव ने बताया कि वर्ष 2024 की शुरुआत में एक महिला शिक्षिका स्कूल में नियुक्त हुई थी। शुरुआत में दोनों स्कूल के काम से साथ जाते थे, लेकिन धीरे-धीरे दोनों के बीच दोस्ती बढ़ गई और अक्सर साथ समय बिताने लगे।

घटना वाले दिन क्या हुआ?

पुलिस के अनुसार 21 जून 2026 की सुबह आरोपी की पत्नी और स्कूल की प्रिंसिपल रंजू कुमारी कुछ बड़े बच्चों को वाटर पार्क लेकर गई थीं। हॉस्टल में छोटे बच्चे ही मौजूद थे।

शाम के समय हॉस्टल के ग्राउंड फ्लोर के एक बंद कमरे में राजीव और महिला शिक्षिका साथ थे। इसी दौरान सीढ़ियों से उतरते समय 8 वर्षीय आनंद की नजर कमरे के अंदर चली गई। वह खिड़की के पास रुककर देखने लगा और धीरे-धीरे अपने दोस्तों को भी बुलाने लगा।

राजीव ने बताया कि आवाज सुनकर वह बाहर निकला। महिला शिक्षिका वहां से अपने घर चली गई, जबकि उसने आनंद को पकड़ लिया।

गुस्से में कर दी बेरहमी से पिटाई

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने पहले आनंद से पूछताछ की, फिर गुस्से में उसकी पिटाई शुरू कर दी।

राजीव के मुताबिक,

“मैंने पास में पड़ी लोहे की छड़ से आनंद को पीटना शुरू किया। गुस्से में अपना आपा खो बैठा और उसके सिर पर करीब 20 बार वार कर दिया।”

पोस्टमार्टम में सामने आई बर्बरता

पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट में आनंद के सिर पर लगभग 2-2 इंच के 8 गहरे घाव मिले। उसका चेहरा और मुंह भी बुरी तरह सूजा हुआ था।गंभीर हालत होने पर आरोपी खुद आनंद को अस्पताल लेकर गया और परिजनों को सूचना दी। उस समय उसने झूठी कहानी सुनाई कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने बच्चे पर हमला किया है।

इलाज के दौरान हुई मौत

कटोरिया अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने आनंद को भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर किया। वहां से बेहतर इलाज के लिए उसे पटना ले जाया गया, जहां 29 जून 2026 को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

गांव में फूटा गुस्सा

आनंद का शव गांव पहुंचते ही परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए। लोगों ने कटोरिया-बांका मुख्य सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन किया और घंटों सड़क जाम रही।मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया।

मृतक के पिता ने कहा,

“मुझे प्रशासन पर भरोसा है। मेरे मासूम बेटे की निर्मम हत्या हुई है। मुझे सिर्फ अपने बेटे के लिए न्याय चाहिए।”

 

हत्या में इस्तेमाल छड़ बरामद

पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल की गई लोहे की छड़ और एक चाकू भी बरामद किया है। सीसीटीवी डीवीआर, फॉरेंसिक साइंस लैब और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी से पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

पुलिस की जांच जारी

पुलिस ने हॉस्टल संचालक राजीव कुमार रंजन को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में यदि किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article