पटना :अगले साल पंजाब सहित पांच राज्यों में विधानसभा का चुनाव होने हैं. पंजाब में जेडीयू 45 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा है. जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी परिषद की बैठक में भाग लेने आए पंजाब जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष मालवेंद्र सिंह बेनिपाल का कहना है पांच राज्यों के चुनाव पर विचार विमर्श हुआ है.
पंजाब चुनाव पर मिला आश्वासन
मिडिया को बातचीत में मालवेंद्र सिंह बेनिपाल से पूछा गया कि क्या कोई आश्वासन मिला है? इस पर पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हां आश्वासन मिला है. अभी बंगाल में जेडीयू ने चुनाव नहीं लड़ा था बीजेपी को सपोर्ट की थी. इस पर पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा बंगाल और पंजाब में फर्क है. पंजाब की एग्रीकल्चर हो या इंडस्ट्री बिहार के लोगों के बिना नहीं चल सकता है.
“बिहार से पंजाब का विशेष नाता है.
बिहार से ही गुरु गोविंद सिंह पंजाब गए थे इसलिए यह नाता कभी टूटने वाला नहीं है. हमारे नेता नीतीश कुमार ने हमारे गुरु के लिए जो किया है पंजाब के लोग उन्हें दिल से प्यार करते हैं.” -मालवेंद्र सिंह बेनिपाल, प्रदेश अध्यक्ष, जेडीयू, पंजाब
संजय झा और निशांत कुमार से बातचीत
पंजाब में जेडीयू कितने सीटों पर तैयारी कर रहा है. इस पर जेडीयू पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हम लोग 45 सीटों पर तैयारी कर रहे हैं. चुनाव को लेकर जेडीयू के किन-किन नेताओं से आपकी बातचीत हुई है. इस पर कहा कि जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा से बातचीत हुई है. निशांत कुमार से भी बातचीत हुई है.
निशांत कुमार में पार्टी का भविष्य
मालवेंद्र सिंह बेनिपाल ने कहा कि हम लोगों को उम्मीद ही नहीं पक्का है चुनाव लड़ेंगे. निशांत कुमार को किस तरह से देख रहे हैं?, इस पर पंजाब के जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि निशांत में हम लोग अपने नेता नीतीश कुमार को देख रहे हैं. पार्टी के वही भविष्य हैं. पंजाब जेडीयू के नेताओं को इस पर पूरा भरोसा है.
जेडीयू राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक
21 जून को पटना में जेडीयू की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक हुई जिसमें उमेश कुशवाहा को बिहार प्रदेश अध्यक्ष और नीतीश कुमार को राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में चुना गया. इसके साथ ही आने वाले 5 राज्यों में चुनाव पर चर्चा की गयी. बता दें कि बिहार विधानसभा चुनाव में जेडीयू ने शानदार प्रदर्शन किया था.
दूसरे राज्यों में चुनाव लड़ने की रणनीति
बिहार चुनाव के बाद अब पार्टी बिहार के अलावे दूसरे राज्यों में चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा है. इसी रणनीति के तहत पंजाब में संगठन को मजबूत किया जा रहा है. राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में सभी राज्यों के प्रभारियों और अध्यक्षों ने अपनी बात शीर्ष नेतृत्व के सामने मजबूती से रखी है.