UGC NET 2026: फॉर्म में सुधार का आखिरी मौका; जाने सुधर करने की पूरी पक्रिया और समय

BiharNewsAuthor
5 Min Read

BNT Desk: देशभर के विश्वविद्यालयों में जूनियर रिसर्च फेलोशिप (JRF) और असिस्टेंट प्रोफेसर की पात्रता के लिए आयोजित होने वाली UGC NET जून 2026 परीक्षा के आवेदकों के लिए एक बेहद जरूरी खबर है। यदि आपने राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (NET) का ऑनलाइन आवेदन फॉर्म भरते समय जाने-अनजाने में कोई गलती कर दी थी, तो अब आपको घबराने या परेशान होने की बिल्कुल भी जरूरत नहीं है।

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने अभ्यर्थियों की सहूलियत के लिए आवेदन फॉर्म में सुधार करने की प्रक्रिया (Application Form Correction Window) को आधिकारिक तौर पर शुरू कर दिया है। जिन भी उम्मीदवारों के फॉर्म में कोई त्रुटि या स्पेलिंग मिस्टेक हुई है, वे तुरंत एनटीए की ऑफिशियल वेबसाइट पर जाकर उसे ठीक कर सकते हैं।

कल रात तक ही है समय

एनटीए द्वारा जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार, इस सुधार विंडो के जरिए फॉर्म एडिट करने की अंतिम तिथि 28 मई की रात 11:50 बजे तक तय की गई है। इसके बाद यह लिंक हमेशा के लिए डिएक्टिवेट हो जाएगा।

अक्सर देखा जाता है कि छात्र आखिरी तारीख के अंतिम घंटों में वेबसाइट पर लॉगइन करने का प्रयास करते हैं, जिससे सर्वर पर लोड बढ़ जाता है और वेबसाइट स्लो या क्रैश हो जाती है। ऐसी तकनीकी समस्याओं से बचने के लिए विशेषज्ञों का कहना है कि उम्मीदवारों को अंतिम समय का इंतजार किए बिना आज ही अपने फॉर्म में सुधार कर लेना चाहिए।

सिर्फ एक बार मिलेगा मौका

फॉर्म में सुधार करते समय अभ्यर्थियों को बेहद सतर्क रहने की आवश्यकता है। एनटीए ने साफ कर दिया है कि फॉर्म में बदलाव करने का यह मौका सिर्फ एक बार (ONE TIME) के लिए ही दिया जा रहा है। इसका मतलब यह है कि अगर आपने सुधार करने के बाद फॉर्म को फाइनल सबमिट कर दिया, तो उसके बाद आप चाहकर भी दोबारा कोई बदलाव नहीं कर पाएंगे।

आपकी एक छोटी सी लापरवाही या जल्दबाजी पूरे फॉर्म को दोबारा गलत कर सकती है, इसलिए जब आप सुधार कर रहे हों, तो स्क्रीन पर दिख रही हर एक जानकारी को दो बार अच्छे से री-चेक जरूर कर लें।

महत्वपूर्ण निर्देश: एक बार ‘Final Submit’ बटन दबाने के बाद आपकी स्क्रीन लॉक हो जाएगी और एनटीए किसी भी ईमेल या ऑफलाइन लेटर के जरिए फॉर्म में दोबारा बदलाव की मांग को स्वीकार नहीं करेगा।

फीस के नियम: क्या लगेगा अतिरिक्त शुल्क?

फॉर्म में सुधार को लेकर एनटीए ने फीस से जुड़े कुछ सख्त नियम भी तय किए हैं, जिन्हें समझना आपके लिए बेहद जरूरी है:

  • अतिरिक्त फीस (Extra Fees): अगर आप फॉर्म में सुधार के दौरान अपनी कैटेगरी (Category) बदलते हैं या फिर अपने चुने हुए विषयों (Subjects) में कोई ऐसा बदलाव करते हैं जिससे फॉर्म की कुल फीस बढ़ जाती है, तो आपको उस अंतर की राशि का ऑनलाइन भुगतान (Extra Payment) करना होगा।

  • नो रिफंड पॉलिसी (No Refund): इसके विपरीत, यदि आपके बदलाव के कारण फॉर्म की फीस कम होती है, तो पहले से जमा की गई अतिरिक्त राशि किसी भी परिस्थिति में वापस (Refund) नहीं की जाएगी।

  • सक्सेसफुल करेक्शन: आपकी तरफ से किया गया सुधार तभी मान्य माना जाएगा जब लागू होने वाली अतिरिक्त फीस का भुगतान सफलतापूर्वक पूरा हो जाएगा।

कैसे करें अपने फॉर्म में सुधार? जानें आसान स्टेप्स

फॉर्म में ऑनलाइन सुधार करने के लिए उम्मीदवार नीचे दी गई प्रक्रिया का पालन कर सकते हैं:

  • स्टेप 1: सबसे पहले UGC NET की आधिकारिक वेबसाइट ugcnet.nta.nic.in पर जाएं।

  • स्टेप 2: होमपेज पर उपलब्ध “UGC NET June 2026 Correction Window” के लिंक पर क्लिक करें।

  • स्टेप 3: अब अपना एप्लीकेशन नंबर, पासवर्ड और सिक्योरिटी पिन दर्ज करके लॉगइन करें।

  • स्टेप 4: लॉगइन करने के बाद आपका आवेदन फॉर्म स्क्रीन पर खुल जाएगा। अब ‘Edit Application Form’ के विकल्प पर जाएं।

  • स्टेप 5: जिस भी जानकारी (जैसे नाम की स्पेलिंग, शैक्षणिक योग्यता, फोटो या हस्ताक्षर) में गलती हुई है, उसे ध्यानपूर्वक सुधारें।

  • स्टेप 6: यदि आवश्यक हो तो अतिरिक्त फीस का भुगतान करें और फॉर्म को ‘Final Submit’ कर दें। भविष्य के संदर्भ के लिए सुधारे गए फॉर्म का एक प्रिंटआउट निकालकर अपने पास जरूर सुरक्षित रख लें।

Share This Article