चैत्र मास के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि को मनाई जाने वाली रामनवमी इस बार 27 मार्च 2026 को है। प्रभु श्रीराम के जन्मोत्सव की तैयारियों को लेकर पटना के प्रमुख मंदिरों में जोरशोर से काम चल रहा है। महावीर मंदिर से लेकर पंचरूपी हनुमान मंदिर तक, श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं।
महावीर मंदिर में रात 2 बजे खुलेंगे पट, अयोध्या से आएंगे पुजारी
पटना जंक्शन स्थित महावीर मंदिर में रामनवमी के दिन रात 2 बजे ही मंदिर के पट खोल दिए जाएंगे। पट खुलते ही 15 मिनट की विशेष आरती होगी, जिसके बाद प्रसाद चढ़ाने और दर्शन-पूजन का क्रम शुरू हो जाएगा। यह सिलसिला 27 मार्च की रात तक बिना रुके जारी रहेगा।
इस बार की रामनवमी खास इसलिए भी है क्योंकि पूजा-अर्चना के लिए अयोध्या से विशेष पुजारी बुलाए जाएंगे। मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्था के लिए सीसीटीवी कैमरे और ड्रोन की तैनाती का भी फैसला किया है, जिससे भीड़ पर पल-पल नजर रखी जा सके।
24 हजार किलो नैवेद्यम लड्डू का लक्ष्य
महावीर मंदिर में इस बार 24 हजार किलो नैवेद्यम लड्डू तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। पहले चरण में 18 हजार किलो लड्डू बनाकर रखे जाएंगे और जरूरत पड़ने पर 6 हजार किलो अतिरिक्त तैयार किए जाएंगे। पिछले वर्ष 18 हजार किलो नैवेद्यम तैयार किया गया था, लेकिन इस बार श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए यह लक्ष्य बढ़ाया गया है।
मंदिर परिसर के अंदर नैवेद्यम का कोई काउंटर नहीं रहेगा। सभी काउंटर बाहर लगाए जाएंगे। मंदिर के समीप से लेकर वीर कुंवर सिंह पार्क तक करीब 15 काउंटरों की व्यवस्था की जा रही है।
लोहे-बांस की बैरिकेडिंग, एलईडी स्क्रीन और मेडिकल कैंप
भीड़ प्रबंधन के लिए लोहे और बांस से बैरिकेडिंग की जा रही है। धूप से श्रद्धालुओं को राहत देने के लिए छावनी बनाई जा रही है और पूरे मार्ग पर समुचित रोशनी की व्यवस्था होगी। महिला और पुरुष भक्तों के लिए अलग-अलग कतार की व्यवस्था रहेगी।
कई स्थानों पर बड़े एलईडी स्क्रीन लगाए जाएंगे, जहां लाइव पूजा का प्रसारण होगा। पानी, शर्बत और मोबाइल शौचालय की भी व्यवस्था की जाएगी। मेडिकल कैंप और एंबुलेंस भी तैनात रहेंगी। सुरक्षा के लिए सरकारी बलों के साथ 100 से 120 प्राइवेट सुरक्षाकर्मी भी तैनात होंगे। श्रद्धालुओं की सटीक गिनती के लिए नई हेड काउंट तकनीक लगाने की भी योजना है।
पंचरूपी हनुमान मंदिर: कोलकाता से आएंगे 6 क्विंटल फूल
राजवंशी नगर स्थित पंचरूपी हनुमान मंदिर में भी जोरदार तैयारियां हैं। मंदिर की सुंदरता के लिए कोलकाता से 6 क्विंटल फूल मंगाए जा रहे हैं। 1 किलोमीटर तक बैरिकेडिंग की जाएगी और धूप से बचाव के लिए पंडाल लगाया जाएगा। पांच स्थानों पर पानी की व्यवस्था रहेगी।
मंदिर के पट रात 3 बजे खुलेंगे और श्रद्धालु रात 11 बजे तक दर्शन कर सकेंगे। 10 पुजारी पूजा संपन्न कराएंगे और 10 क्विंटल नैवेद्यम का ऑर्डर दिया जा चुका है। सुरक्षा के लिए दो दर्जन महिला और पुरुष पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।
वहीं बोरिंग रोड स्थित हनुमान मंदिर में सुबह 4 बजे से ही दर्शन शुरू हो जाएंगे। मंदिर के बाहर स्थानीय दुकानदार प्रसाद की दुकानें लगाएंगे।