शहर के नगर निगम ने अपने 4,866 कर्मियों के लिए यूनिफॉर्म उपलब्ध कराने का बड़ा फैसला लिया है। इस योजना पर कुल 1 करोड़ 37 लाख 22 हजार 786 रुपये खर्च किए जाएंगे। सशक्त स्थायी समिति से मंजूरी मिलने के बाद अब जल्द ही वितरण प्रक्रिया शुरू होने वाली है।
योजना के तहत सभी कर्मियों को दो-दो सेट पोशाक और एक-एक जोड़ी जूता दिया जाएगा। निगम में वर्तमान में 4,317 पुरुष और 549 महिला कर्मी कार्यरत हैं। तय दर के अनुसार प्रति पुरुष कर्मी पर 2,877 रुपये और प्रति महिला कर्मी पर 2,373 रुपये खर्च किए जाएंगे।
पुरुष कर्मियों को दो सेट फुल पैंट-शर्ट और एक जोड़ी जूता मिलेगा, जबकि महिला कर्मियों को दो साड़ी, दो पेटीकोट, दो ब्लाउज और एक जोड़ी जूता दिया जाएगा।
नकद की जगह सीधे पोशाक
नगर निगम प्रशासन के अनुसार, वर्ष 2026 में स्थायी और दैनिक पारिश्रमिक पर कार्यरत चतुर्थ वर्गीय कर्मियों को सीधे पोशाक दी जाएगी। इससे पहले वर्ष 2024 में पोशाक के बदले नकद भुगतान किया गया था, लेकिन इस बार व्यवस्था में बदलाव किया गया है।
खर्च का पूरा ब्योरा
वित्त विभाग ने पोशाक और सिलाई की दर पहले ही तय कर दी है। इसी के आधार पर कुल राशि खर्च होगी।
-
पुरुष कर्मियों पर कुल खर्च: 1 करोड़ 24 लाख 20 हजार 9 रुपये
-
महिला कर्मियों पर कुल खर्च: 13 लाख 2 हजार 777 रुपये
स्थायी और दैनिक कर्मियों का आंकड़ा
नगर निगम में कुल 1,025 स्थायी कर्मी हैं, जिनमें 802 पुरुष और 223 महिलाएं शामिल हैं। वहीं 3,841 दैनिक कर्मियों में 3,515 पुरुष और 326 महिला कर्मी कार्यरत हैं।
नगर निगम प्रशासन का कहना है कि एक समान यूनिफॉर्म से कर्मियों की पहचान आसान होगी और ड्यूटी के दौरान कार्य में भी सुविधा मिलेगी।