‘ब्यूटी क्वीन’ मोनिका मनी की राजनीति में एंट्री, JJD से जुड़ीं

BNT
By
4 Min Read

WhatsApp Image 2026-03-18 at 11.42.02 AM

पटना: बिहार की राजनीति में एक नई चर्चा उस वक्त शुरू हो गई जब ‘ब्यूटी क्वीन’ के रूप में पहचान रखने वाली मोनिका मनी ने जनशक्ति जनता दल (JJD) की सदस्यता ग्रहण कर ली। उन्होंने यह सदस्यता Tej Pratap Yadav की मौजूदगी में ली, जिसके बाद राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है।

मोनिका मनी, जो मिसेज इंडिया 2017 प्रतियोगिता में सेकेंड रनर-अप रह चुकी हैं, पहले से ही सामाजिक कार्यों में सक्रिय रही हैं। पार्टी के सोशल मीडिया हैंडल के अनुसार, वे शिक्षा, रोजगार और महिला सशक्तिकरण जैसे मुद्दों पर लंबे समय से काम कर रही हैं। ऐसे में उनके जुड़ने से JJD को जमीनी स्तर पर मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

गौरतलब है कि मोनिका मनी इससे पहले मकर संक्रांति के अवसर पर आयोजित Tej Pratap Yadav के चर्चित दही-चूड़ा भोज में भी नजर आई थीं। इस कार्यक्रम में उनकी मौजूदगी ने काफी सुर्खियां बटोरी थीं। उसी दौरान उनकी और तेज प्रताप की तस्वीरें सामने आई थीं, जिसके बाद से ही उनके राजनीति में आने की अटकलें लगाई जा रही थीं। बाद में उन्होंने खुद भी संकेत दिया था कि उन्हें JJD से जुड़ने का प्रस्ताव मिला है और वे इस पर विचार कर रही हैं।

मोनिका मनी मूल रूप से बिहार के मुजफ्फरपुर जिले की रहने वाली हैं। उन्होंने मिसेज बिहार का खिताब भी अपने नाम किया है और 2017 में मिसेज इंडिया प्रतियोगिता में सेकेंड रनर-अप बनी थीं। तीन बच्चों की मां मोनिका ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से अपनी पढ़ाई पूरी की है। इसके अलावा वह एक उद्यमी के रूप में भी काम कर चुकी हैं और वर्तमान में पटना में अपने परिवार के साथ रह रही हैं।

उनकी पहचान सिर्फ एक ब्यूटी क्वीन के रूप में ही नहीं, बल्कि एक सक्रिय समाजसेवी के रूप में भी रही है। यही वजह है कि उनके राजनीति में आने को लेकर लोगों में उत्सुकता देखी जा रही है।

राजनीतिक पृष्ठभूमि की बात करें तो Tej Pratap Yadav ने परिवार और अपनी मूल पार्टी से अलग होकर जनशक्ति जनता दल (JJD) का गठन किया था। हालांकि बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में पार्टी का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा और तेज प्रताप यादव खुद महुआ सीट से चुनाव हार गए थे।

इसके बावजूद तेज प्रताप यादव अपनी पार्टी को मजबूत करने में जुटे हुए हैं। वे लगातार नए चेहरों को पार्टी से जोड़ने की कोशिश कर रहे हैं, ताकि संगठन को विस्तार दिया जा सके। जानकारी के मुताबिक, JJD आने वाले समय में पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश के चुनावों में भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराने की तैयारी कर रही है।

ऐसे में मोनिका मनी का पार्टी में शामिल होना JJD के लिए एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि ग्लैमर और सामाजिक सक्रियता का यह मेल पार्टी को नई पहचान दिलाने में मदद कर सकता है। अब देखना होगा कि मोनिका मनी की यह नई राजनीतिक पारी कितनी सफल होती है और वह पार्टी को कितना फायदा पहुंचा पाती हैं।

Share This Article