BNT Desk: बिहार की राजधानी पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए सोमवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। निर्वाचन आयोग के तय कार्यक्रम के अनुसार इच्छुक उम्मीदवार 13 जुलाई तक अपना नामांकन पत्र दाखिल कर सकते हैं। नामांकन को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से कराने के लिए जिला प्रशासन ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। उम्मीदवारों, उनके समर्थकों और वाहनों की संख्या को लेकर भी स्पष्ट नियम बनाए गए हैं।
पटना सदर अनुमंडल कार्यालय में होगा नामांकन
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए नामांकन पटना कलेक्ट्रेट परिसर स्थित पटना सदर अनुमंडल कार्यालय में कराया जाएगा। नामांकन की पूरी प्रक्रिया दूसरी मंजिल पर स्थित भूमि सुधार उप समाहर्ता (डीसीएलआर) के कोर्ट रूम में होगी। उम्मीदवार केवल कार्यदिवसों में सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक अपना नामांकन पत्र जमा कर सकेंगे। निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार 14 जुलाई को नामांकन पत्रों की जांच (स्क्रूटनी) की जाएगी। इसके बाद 16 जुलाई तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकेंगे। नाम वापसी की अंतिम तिथि के बाद चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी कर दी जाएगी।
कलेक्ट्रेट परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
नामांकन प्रक्रिया के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकने के लिए जिला प्रशासन ने कलेक्ट्रेट परिसर और उसके आसपास सुरक्षा बढ़ा दी है। पूरे परिसर में दंडाधिकारी (मजिस्ट्रेट) और बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रशासन ने बताया है कि उम्मीदवार और अधिकृत लोग केवल गेट नंबर-1 से ही कलेक्ट्रेट परिसर में प्रवेश कर सकेंगे। वहीं कारगिल चौक से लेकर कलेक्ट्रेट तक पुलिस लगातार निगरानी रखेगी। गांधी मैदान थाना पुलिस को भी विशेष सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है ताकि कानून-व्यवस्था पूरी तरह बनी रहे।
उम्मीदवार के साथ सिर्फ 5 लोगों को मिलेगी अनुमति
भीड़ को नियंत्रित रखने के लिए प्रशासन ने सख्त नियम लागू किए हैं। किसी भी उम्मीदवार के साथ नामांकन कक्ष में अधिकतम पांच लोगों को ही प्रवेश मिलेगा। इसके अलावा उम्मीदवार अपने साथ केवल तीन वाहनों का ही उपयोग कर सकेंगे। कलेक्ट्रेट परिसर के अंदर निजी वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी। प्रशासन का कहना है कि इससे सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रहेगी और यातायात भी प्रभावित नहीं होगा।
हथियार और बॉडीगार्ड पर रहेगा प्रतिबंध
नामांकन स्थल पर सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने लाइसेंसी हथियार लेकर आने पर भी रोक लगा दी है। कोई भी व्यक्ति परिसर में हथियार लेकर प्रवेश नहीं कर सकेगा। अगर किसी उम्मीदवार के साथ सरकारी या निजी सुरक्षा कर्मी (बॉडीगार्ड) होंगे, तो उन्हें नामांकन स्थल से 100 मीटर पहले ही रोक दिया जाएगा। केवल अधिकृत लोगों को ही नामांकन कक्ष तक जाने की अनुमति होगी।
धारा 163 लागू, भीड़ जुटाने पर रोक
नामांकन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरे इलाके में बीएनएसएस की धारा 163 लागू कर दी गई है। इसके तहत अनावश्यक भीड़ लगाने, जुलूस निकालने या सार्वजनिक व्यवस्था को प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर रोक रहेगी। जिला प्रशासन ने सभी राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों से अपील की है कि वे निर्वाचन आयोग के सभी नियमों का पालन करें और शांतिपूर्ण तरीके से नामांकन प्रक्रिया पूरी होने में सहयोग करें।
आपात स्थिति से निपटने की पूरी तैयारी
प्रशासन ने सुरक्षा के साथ स्वास्थ्य सेवाओं का भी विशेष इंतजाम किया है। कारगिल चौक के पास सुबह 8 बजे से एम्बुलेंस, डॉक्टरों की टीम और फायर ब्रिगेड की तैनाती रहेगी। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा पूरी नामांकन प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जाएगी। प्रशासन का कहना है कि इससे चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष बनी रहेगी। भविष्य में किसी तरह का विवाद होने पर वीडियो रिकॉर्ड भी उपलब्ध रहेगा।
चुनावी माहौल हुआ गर्म
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। सभी प्रमुख राजनीतिक दल अपने उम्मीदवारों की घोषणा और चुनावी रणनीति बनाने में जुटे हुए हैं। नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही चुनाव प्रचार भी तेज होने की संभावना है। अब सभी की नजर इस बात पर रहेगी कि कौन-कौन उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतरते हैं और मुकाबला कितना दिलचस्प होता है। आने वाले दिनों में बांकीपुर सीट पर चुनावी हलचल और बढ़ने की उम्मीद है।