FIFA वर्ल्ड कप: जर्मनी टूर्नामेंट से बाहर, ब्राजील और मोरक्को ने राउंड ऑफ-16 में बनाई जगह

BiharNewsAuthor
2 Min Read

BNT Desk: FIFA वर्ल्ड कप के नॉकआउट दौर में मंगलवार का दिन बड़े उलटफेर वाला रहा। चार बार की चैंपियन जर्मनी का सफर टूर्नामेंट में थम गया है, वहीं ब्राजील और मोरक्को ने अपनी-अपनी जीत के साथ अगले दौर में प्रवेश कर लिया है।

पैराग्वे ने जर्मनी को किया बाहर

फॉक्सबोरो में हुए एक बेहद रोमांचक मुकाबले में पैराग्वे (फीफा रैंकिंग 34) ने चार बार की चैंपियन जर्मनी (फीफा रैंकिंग 12) को पेनल्टी शूटआउट में 4-3 से हराकर टूर्नामेंट से बाहर का रास्ता दिखा दिया। निर्धारित समय और इंजरी टाइम तक दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर थीं। टूर्नामेंट के इतिहास में यह पहला मौका है जब जर्मनी की टीम पेनल्टी शूटआउट में हारी है। पैराग्वे की जीत में गोलकीपर ऑरलैंडो गिल ने दो शानदार बचाव किए, जबकि जोस कैनाले ने निर्णायक गोल दागा। अब पैराग्वे का मुकाबला फ्रांस और स्वीडन के बीच होने वाले मैच के विजेता से होगा।

ब्राजील की यादगार जीत

ह्यूस्टन में खेले गए मुकाबले में पांच बार की चैंपियन ब्राजील ने जापान को 2-1 से हराकर प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली। यह जीत ब्राजील के लिए बेहद खास रही क्योंकि यह उनके 1958 के पहले वर्ल्ड कप खिताब की सालगिरह का दिन था। मैच काफी रोमांचक रहा और ब्राजील को जीत आखिरी क्षणों में मिली। दूसरे हाफ में सब्स्टीट्यूट के तौर पर उतरे गैब्रियल मार्टिनेली ने इंजरी टाइम के छठे मिनट में गोल दागकर ब्राजील को जीत दिलाई। टीम 20वीं बार वर्ल्ड कप के राउंड ऑफ-16 में पहुंची है, जहां उसका सामना आइवरी कोस्ट या नॉर्वे से होगा।

मोरक्को का शानदार प्रदर्शन

एक अन्य मैच में मोरक्को ने नीदरलैंड को पेनल्टी शूटआउट में 3-2 से हराकर प्रतियोगिता में अपना दबदबा बनाए रखा। मोरक्को के गोलकीपर ने शूटआउट के दौरान दो महत्वपूर्ण बचाव किए, जिसने टीम की जीत सुनिश्चित की। मोरक्को का अगला मुकाबला अब 4 जुलाई को कनाडा के साथ होगा।

Share This Article