पटना: मसौढ़ी में पुलिस कार्रवाई के दौरान पुनपुन नदी में कूदे 2 लोगों की डूबने से मौत, 3 लापता

BNT
By
4 Min Read

BNT Desk: पटना के मसौढ़ी में पिपरा थाना क्षेत्र के बेहरावां चकिया गांव में पुलिस कार्रवाई के दौरान पुनपुन नदी में कूदे लोगों में से दो की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ गया और उन्होंने बिहटा-सरमेरा NH को जाम कर दिया। ग्रामीणों के अनुसार, नदी में कूदने वाले तीन अन्य लोग अभी भी लापता हैं। उनकी तलाश के लिए SDRF की टीम सर्च ऑपरेशन चला रही है।

 

दो शव बरामद, मृतकों की हुई पहचान

स्थानीय लोगों के अनुसार, नदी से अब तक दो शव बरामद किए गए हैं। मृतकों की पहचान रामू मांझी (70), निवासी बेहराम चकिया और आकाश कुमार (16), निवासी हसनपुरा, ढेबरा थाना क्षेत्र के रूप में हुई है। दो लोगों की मौत की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण सड़क पर उतर आए। ग्रामीणों का दावा है कि तीन अन्य लोग अब भी लापता हैं। SDRF की टीम नदी में उनकी तलाश कर रही है।

 

बिहटा-सरमेरा NH पर ग्रामीणों का प्रदर्शन

शव बरामद होने के बाद ग्रामीणों ने दोनों शवों को लेकर बिहटा-सरमेरा NH को जाम कर दिया। सुबह करीब 10 बजे से ही सैकड़ों लोग सड़क पर जुटे हुए हैं। इससे यातायात भी प्रभावित हुआ। स्थानीय पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचकर प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं। हालांकि, ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं। ग्रामीणों ने रविवार को गिरफ्तार किए गए सभी 38 लोगों को तत्काल रिहा करने, मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये मुआवजा देने और लापता तीन लोगों की जल्द तलाश करने की मांग की है।

 

शराब के खिलाफ कार्रवाई के बाद हुआ था विवाद

बताया जा रहा है कि मसौढ़ी के पिपरा थाना क्षेत्र के बेहरावां चकिया गांव में शराब के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर शनिवार को हमला हुआ था। इसके बाद रविवार को SSP के निर्देश पर बड़ी संख्या में पुलिस बल गांव पहुंचा। पुलिस टीम के गांव में पहुंचते ही ग्रामीणों की ओर से पथराव शुरू कर दिया गया। इस दौरान पुलिस के एक चारपहिया वाहन और पांच दोपहिया वाहनों को क्षतिग्रस्त किए जाने की बात सामने आई है।

 

32 महिलाएं और 6 पुरुष गिरफ्तार

पुलिस की कार्रवाई के दौरान कुल 38 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इनमें 32 महिलाएं और छह पुरुष शामिल हैं। तलाशी के दौरान पुलिस ने एक घर से देसी कट्टा और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए। पुलिस के अनुसार, अलग-अलग घरों की तलाशी के दौरान करीब 1,000 लीटर देसी शराब भी बरामद की गई।

 

नदी किनारे मिली 20 हजार लीटर अर्द्धनिर्मित शराब

पुलिस कार्रवाई के दौरान पुनपुन नदी के किनारे जमीन में छिपाकर रखी गई करीब 20 हजार लीटर अर्द्धनिर्मित शराब भी बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर ही इसे नष्ट कराया। इसी कार्रवाई के दौरान कुछ लोग पुलिस से बचने के लिए पुनपुन नदी में कूद गए। इसके बाद नदी में डूबने की घटना सामने आई। अब तक दो लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि तीन अन्य लोगों की तलाश जारी है।

 

SDRF चला रही सर्च ऑपरेशन

नदी में लापता लोगों की तलाश के लिए SDRF की टीम लगातार सर्च अभियान चला रही है। प्रशासन की ओर से लोगों को समझाने और यातायात बहाल कराने का प्रयास भी किया जा रहा है। फिलहाल पुलिस कार्रवाई, ग्रामीणों के प्रदर्शन और नदी में लापता लोगों की तलाश को लेकर स्थिति पर प्रशासन की नजर बनी हुई है। मृतकों के परिजनों और ग्रामीणों की मांगों पर प्रशासन की ओर से आगे की कार्रवाई का इंतजार है।

Share This Article