BNT Desk: बिहार के राजेपुर थाना क्षेत्र के नवादा गांव में एक महिला की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान रिंकू देवी के रूप में हुई है। परिजनों ने महिला के पति पर हत्या का आरोप लगाया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
विदेश से लौटने के बाद ससुराल पहुंचा था पति
परिजनों के अनुसार, रिंकू देवी का पति विदेश में नौकरी करता था। रिंकू पिछले करीब एक महीने से अपने मायके नवादा गांव में रह रही थीं। आरोप है कि पति विदेश से लौटने के बाद शुक्रवार शाम ससुराल पहुंचा। रात में परिवार के सभी लोग खाना खाकर सो गए। इसी दौरान उसने कथित तौर पर धारदार हथियार से पत्नी का गला रेत दिया और घर के पीछे के रास्ते से फरार हो गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने पर राजेपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला घरेलू विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की मदद से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। हत्या में इस्तेमाल किए गए धारदार हथियार की भी तलाश की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
बहन का आरोप- कई साल से चल रहा था विवाद
मृतका की बहन ने बताया कि पति-पत्नी के बीच पिछले कई वर्षों से विवाद चल रहा था। उनके अनुसार, ससुराल पक्ष रिंकू देवी को पसंद नहीं करता था और इसी बात को लेकर कई बार झगड़ा और पंचायत भी हुई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी अपने साथ बैग में चाकू लेकर आया था और उसी से हत्या की वारदात को अंजाम दिया।
दूसरी बहन ने भी लगाए गंभीर आरोप
मृतका की दूसरी बहन ममता देवी ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी फोन पर मिली। उन्होंने भी कहा कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था और परिवार पहले से तनाव में था।
मां ने लगाया प्रताड़ना का आरोप
रिंकू देवी की मां ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी को ससुराल में लगातार प्रताड़ित किया जाता था। उन्होंने कहा कि उसके साथ मारपीट की जाती थी और कई बार उसे खाना तक नहीं दिया जाता था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि ससुराल वाले अपने बेटे की दूसरी शादी कराना चाहते थे। इस संबंध में उन्होंने पहले भी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। उनके अनुसार, उस समय पुलिस ने पति के विदेश से लौटने के बाद दोनों पक्षों को बैठाकर मामला सुलझाने की बात कही थी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
फिलहाल पुलिस परिजनों द्वारा लगाए गए सभी आरोपों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।