समस्तीपुर: युवक की बेरहमी से हत्या, लोहे की रॉड और तलवार से किया हमला, 6 आरोपी गिरफ्तार

BNT
By
4 Min Read

BNT Desk: बिहार के समस्तीपुर जिले के चकमहेसी थाना क्षेत्र के बेलसंडी गांव में एक युवक की पीट-पीटकर और तलवार से हमला कर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक को पहले साजिश के तहत घर से बुलाया गया, फिर लोहे की रॉड और तलवार से उस पर जानलेवा हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल युवक की दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (DMCH) में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि इस मामले में कुल 14 लोगों को नामजद किया गया है।

 

बहाने से बुलाकर किया हमला

मृतक की पहचान चकमहेसी थाना क्षेत्र के बेलसंडी गांव निवासी प्रविंदर उर्फ प्रवीण कुमार के रूप में हुई है।mपुलिस के अनुसार, मृतक की भाभी राजनंदनी कुमारी के बयान पर चकमहेसी थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। परिजनों का आरोप है कि शनिवार रात गांव का ही नीरज कुमार किसी बहाने से प्रवीण को घर से बुलाकर महामाया स्थान ले गया। वहां पहले से मौजूद लोगों ने लोहे की रॉड से उसकी बेरहमी से पिटाई की और बाद में तलवार से कई वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।

 

इलाज के दौरान हुई मौत

हमले के दौरान शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने घायल प्रवीण को तत्काल कल्याणपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डीएमसीएच, दरभंगा रेफर कर दिया। रविवार को इलाज के दौरान प्रवीण की मौत हो गई।

 

सड़क हादसे के विवाद में हत्या का आरोप

मृतक की मां रीता देवी ने बताया कि कुछ दिन पहले गांव में एक सड़क दुर्घटना को लेकर विवाद हुआ था। एक युवक को बाइक से ठोकर लगने के बाद मुआवजे की मांग को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और मारपीट हुई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि उसी विवाद की रंजिश में सुनियोजित तरीके से उनके बेटे की हत्या की गई।

 

14 लोगों पर दर्ज हुई एफआईआर

पुलिस ने इस मामले में चंदेश्वर सहनी, रंजन कुमार, संजन कुमार, कुंदन कुमार, चंदन कुमार, शीला देवी, सावन कुमार, पंकज कुमार, प्रणय कुमार, छोटू कुमार, आशुतोष कुमार, एक अन्य छोटू कुमार, दीपक कुमार और नीरज कुमार समेत 14 लोगों को नामजद आरोपी बनाया है।

छह आरोपी गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चंदेश्वर सहनी, संजन सहनी, कुंदन सहनी, सावन सहनी, दीपक सहनी और नीरज राय को गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया चल रही है।

 

पुलिस क्या कह रही है?

सदर एसडीपीओ-2 संजय कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि युवक को साजिश के तहत घर से बुलाकर लोहे की रॉड और तलवार से हमला किया गया था। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे पहले हुए सड़क हादसे से जुड़ा विवाद सामने आया है। फिलहाल मामले की गहन जांच जारी है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

Share This Article