BNT Desk: पटना AIIMS के पूर्व जूनियर रेजिडेंट डॉक्टर पर 28 वर्षीय युवती ने दुष्कर्म का आरोप लगाया है। युवती का आरोप है कि डॉक्टर ने शादी का झांसा देकर करीब तीन साल तक उसका यौन शोषण किया। इस दौरान उसे नशीला पदार्थ खिलाकर दुष्कर्म किया गया। बाद में गर्भवती होने पर गर्भपात कराया गया और फिर शादी करने से इनकार कर दिया गया। पीड़िता ने आरोपी डॉक्टर के साथ एक महिला पर भी जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। वहीं, डॉक्टर पर जान से मारने की कोशिश करने का भी आरोप लगाया गया है। पीड़िता की शिकायत पर फुलवारीशरीफ थाने में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मामले में आरोपी डॉक्टर का पक्ष सामने नहीं आया है।
इलाज के लिए पटना AIIMS गई थी पीड़िता
पीड़िता पटना के बिहटा इलाके के नौबतपुर की रहने वाली है। थाने में दर्ज शिकायत के मुताबिक, युवती के दाएं हाथ की कलाई जल गई थी। इसके इलाज के लिए वह पटना AIIMS के प्लास्टिक सर्जरी विभाग पहुंची थी। यहां जूनियर रेजिडेंट डॉक्टर के रूप में कार्यरत डॉ. सतन कुमार से उसकी पहचान हुई। युवती का अस्पताल में इलाज के सिलसिले में आना-जाना 27 जून 2025 तक जारी रहा। उसका दावा है कि डॉक्टर से संपर्क फरवरी 2026 तक बना रहा। इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और डॉक्टर ने शादी का भरोसा दिया।
बॉयज हॉस्टल के कमरे में नशीला पदार्थ देकर रेप का आरोप
पीड़िता ने शिकायत में आरोप लगाया है कि दिसंबर 2022 के पहले सप्ताह में डॉक्टर ने इलाज से संबंधित परामर्श के बहाने उसे AIIMS परिसर स्थित बॉयज हॉस्टल के कमरा नंबर 313 में बुलाया था। युवती के मुताबिक, वहां चाय-नाश्ते के दौरान उसे नशीला पदार्थ दिया गया। इसके बाद उसे चक्कर आने लगे और वह बेहोश हो गई। जब उसे होश आया तो उसने खुद को अस्त-व्यस्त हालत में पाया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि डॉक्टर ने उसके साथ दुष्कर्म किया था।
शिकायत करने की बात पर नौकरी जाने का डर दिखाया
युवती का आरोप है कि घटना के बाद वह गुस्से में पुलिस स्टेशन और AIIMS के निदेशक को शिकायत करने के लिए कमरे से बाहर जाने लगी। तब डॉक्टर ने दरवाजा बंद कर दिया और नौकरी जाने का डर दिखाते हुए उससे शिकायत नहीं करने की गुहार लगाने लगा। शिकायत के अनुसार, डॉक्टर ने उस समय अपनी नौकरी और भविष्य खराब होने की बात कहकर युवती को शांत कराया। इसके बाद उसने शादी का भरोसा देकर संबंध बनाए रखने की बात कही।
शादी का झांसा देकर अलग-अलग जगहों पर बनाता रहा संबंध
पीड़िता के मुताबिक, डॉक्टर ने पीजी की पढ़ाई पूरी होने के बाद उससे शादी करने का भरोसा दिया था। इसी भरोसे पर वह उसके साथ संबंध बनाता रहा। युवती ने आरोप लगाया कि डॉक्टर उसे पटना के राजीवनगर स्थित एक होटल समेत अलग-अलग जगहों पर ले जाता था। नवंबर 2025 तक दोनों के बीच शारीरिक संबंध बनते रहे। इसी दौरान युवती गर्भवती हो गई।
गर्भवती होने पर कराया गर्भपात, बाद में शादी से इनकार
पीड़िता का आरोप है कि गर्भवती होने के बाद डॉक्टर ने लोक-लाज का डर दिखाकर उसका गर्भपात करा दिया। इसके बाद जब उसने शादी के लिए दबाव बनाया तो डॉक्टर ने शादी करने से इनकार कर दिया। युवती के मुताबिक, उसने डॉक्टर को कानूनी नोटिस भी भेजा था। लेकिन डॉक्टर ने उनके बीच किसी तरह के संबंध होने से इनकार कर दिया। इसके बाद मामला और विवादित हो गया।
डॉक्टर की पत्नी पर घर पहुंचकर धमकी देने का आरोप
प्राथमिकी में युवती ने डॉ. दिव्या सोलंकी नाम की महिला पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता के मुताबिक, 30 मई 2026 को महिला उसके घर पहुंची और खुद को डॉ. सतन कुमार की पत्नी बताते हुए उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद युवती जब कुर्मा संस्कृति चिकित्सा महाविद्यालय में डॉक्टर से मिलने पहुंची तो आरोप है कि वहां डॉक्टर और उनकी पत्नी ने उसके साथ मारपीट की।
स्कूटी से धक्का मारकर जान लेने की कोशिश का आरोप
युवती ने डॉक्टर पर जान से मारने की कोशिश करने का भी आरोप लगाया है। शिकायत के मुताबिक, 26 अक्टूबर 2026 को वह दानापुर कैंट से पैदल न्यायालय जाने के लिए टेम्पो पर बैठने जा रही थी। इसी दौरान आरोपी डॉक्टर सतन कुमार स्कूटी से वहां पहुंचा। युवती का आरोप है कि डॉक्टर ने स्कूटी से उसे धक्का मारकर जान से मारने की कोशिश की। हालांकि, आसपास मौजूद भीड़ के कारण वह बच गई।
AIIMS से जहानाबाद हुआ डॉक्टर का तबादला
मामले में आरोपी डॉक्टर सतन कुमार का पक्ष जानने के लिए संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। पटना AIIMS के सर्जरी विभाग की प्रभारी डॉ. वीणा सिंह ने बताया कि संबंधित डॉक्टर पहले AIIMS में पदस्थापित थे, लेकिन फिलहाल उनका तबादला जहानाबाद के एक अस्पताल में हो चुका है। उन्होंने इस मामले की जानकारी होने से इनकार किया।
प्राथमिकी दर्ज, पुलिस कर रही जांच
फुलवारीशरीफ थानाध्यक्ष गुलाम शाहबाज आलम के मुताबिक, युवती ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म समेत कई गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों की जांच जारी है और आरोपी डॉक्टर का पक्ष सामने आना बाकी है।