बिहार: अररिया में स्कॉर्पियो पुल की रेलिंग तोड़ नदी में गिरी, 6 लोगों की मौत; तिलक समारोह से लौट रहे थे सभी

BNT
By
3 Min Read

BNT Desk: बिहार के अररिया जिले में बुधवार देर रात भीषण सड़क हादसा हुआ। ताराबाड़ी थाना क्षेत्र के मदनपुर-सिकटी मार्ग पर बीड़ी पुल के पास एक स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग तोड़ते हुए नदी में जा गिरी। हादसे में वाहन सवार 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति की जान बच गई। घायल को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है। स्कॉर्पियो में कुल 7 लोग सवार थे। हादसा रात करीब 11:45 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि तेज मोड़ पर चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया, जिसके बाद स्कॉर्पियो सीधे नदी में गिर गई। नदी में गिरने के बाद गाड़ी में पानी भरने लगा और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए।

 

तिलक समारोह से लौट रहे थे सभी लोग

जानकारी के अनुसार, सभी लोग अररिया जिले के सिकटी प्रखंड स्थित भपटीयाई गांव में आयोजित तिलक समारोह में शामिल होकर अपने घर सुपौल लौट रहे थे। इसी दौरान मदनपुर-सिकटी मार्ग पर बीड़ी पुल के पास यह हादसा हो गया। तेज मोड़ पर स्कॉर्पियो अनियंत्रित हुई और पुल की रेलिंग तोड़ते हुए नदी में गिर गई। हादसे के बाद वाहन में पानी भरने लगा, जिससे उसमें सवार लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका।

 

ग्रामीणों ने रस्सी और JCB की मदद से निकाली स्कॉर्पियो

हादसे की आवाज सुनकर आसपास के स्थानीय लोग और राहगीर मौके पर पहुंचे। नदी में गिरी स्कॉर्पियो को बाहर निकालने के लिए लोगों ने रस्सी की मदद से वाहन को बांधा। इसके बाद JCB की सहायता से गाड़ी को नदी से बाहर निकाला गया। ग्रामीणों ने वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया। हालांकि, तब तक छह लोगों की मौत हो चुकी थी। एक व्यक्ति को घायल अवस्था में बाहर निकाला गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

 

पुलिस और मुख्यालय DSP मौके पर पहुंचे

घटना की सूचना मिलते ही ताराबाड़ी थाना पुलिस और मुख्यालय DSP रजनीश कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और हादसे में मृत लोगों के शवों को कब्जे में लिया। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल अररिया भेज दिया गया है। हादसे में घायल व्यक्ति की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है। तिलक समारोह से लौट रहे परिवार के लोगों के साथ हुए इस हादसे ने कई परिवारों को गहरे दुख में डाल दिया है।

Share This Article