BNT Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार दौरे के दौरान वैशाली जिले में कच्ची दरगाह-बिदुपुर नीतीश सेतु का उद्घाटन किया। इस पुल के शुरू होने से उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच सड़क संपर्क मजबूत होगा। खासकर राघोपुर दियारा इलाके के लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। प्रधानमंत्री ने इस दौरान बिहार को कुल 34,470 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। वैशाली के राजापाकर में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया है, जहां पीएम मोदी बड़ी जनसभा को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने गमछा लहराकर लोगों का अभिवादन भी किया।
19.76 किलोमीटर लंबा है नीतीश सेतु
कच्ची दरगाह-बिदुपुर नीतीश सेतु की कुल लंबाई करीब 19.76 किलोमीटर है। इसमें गंगा नदी पर बना मुख्य पुल लगभग 9.76 किलोमीटर लंबा है। छह लेन का यह पुल आधुनिक तकनीक से तैयार किया गया है। यह पुल उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच आवागमन को आसान बनाने के साथ ही गंगा के दोनों किनारों पर रहने वाले लोगों के लिए संपर्क का नया माध्यम बनेगा। इसके शुरू होने से राघोपुर दियारा क्षेत्र के लोगों को आने-जाने में काफी सहूलियत होगी।
4,988 करोड़ रुपये की लागत से बना पुल
कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल परियोजना की स्वीकृत लागत करीब 4,988.40 करोड़ रुपये है। इसके निर्माण में एशियाई विकास बैंक (ADB) और बिहार सरकार ने आर्थिक सहयोग दिया है। इस परियोजना को बिहार के सड़क और परिवहन नेटवर्क के विस्तार के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पुल के जरिए उत्तर बिहार और दक्षिण बिहार के बीच दूरी कम करने तथा यातायात को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
बिहार को मिली 34,470 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सौगात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार दौरे के दौरान कुल 34,470 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें सड़क, ऊर्जा, परिवहन और औद्योगिक विकास से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं। प्रमुख परियोजनाओं में 15,600 करोड़ रुपये से अधिक की विकास और आधारभूत संरचना परियोजनाएं तथा 14,450 करोड़ रुपये की विभिन्न योजनाओं की आधारशिला शामिल है। इसके अलावा बक्सर ताप विद्युत परियोजना की दूसरी यूनिट, 100 इलेक्ट्रिक बसें, इंडस्ट्रियल कॉरिडोर, साहेबगंज-अरेराज-बेतिया फोरलेन सड़क, ऊर्जा परियोजनाएं और सोलर प्रोजेक्ट भी प्रमुख सौगातों में शामिल हैं।
वैशाली में जनसभा को संबोधित करेंगे पीएम मोदी
नीतीश सेतु के उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वैशाली के राजापाकर में आयोजित कार्यक्रम में जनसभा को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम को लेकर बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की तैयारी की गई है। इससे पहले प्रधानमंत्री ने पटना एयरपोर्ट पर बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि पटना एयरपोर्ट पर नीतीश कुमार जी से मिलकर अत्यंत प्रसन्नता हुई।