बिहार के भोजपुर जिले के चर्चित भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर मामले में अब पूर्व NSG कमांडो और पूर्व RAW एजेंट लक्की बिष्ट की एंट्री हो गई है। उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर ऐलान किया है कि वह बिहार पहुंचकर भरत तिवारी के परिवार से मुलाकात करेंगे।
भरत की माँ से मिलेंगे
लक्की बिष्ट ने कहा कि वह खास तौर पर भरत तिवारी की मां से मिलकर पूरे मामले की जानकारी लेंगे और पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करेंगे।अपने वीडियो संदेश में उन्होंने कहा, “मैं बिहार आ रहा हूं, भरत तिवारी जी के घर जाकर उनकी पूजनीय माता जी से मिलूंगा। मेरे लिए देश से ऊपर कुछ भी नहीं है। मैं हमेशा देशहित की बात करता हूं और युवाओं से अपील करता हूं कि भ्रष्टाचार और अन्याय के खिलाफ आवाज उठाएं।”
युवाओ से अपील
लक्की बिष्ट ने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि किसी भी परिस्थिति में हथियार का रास्ता नहीं अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर कोई व्यक्ति समाज के लिए लंबे समय तक अच्छा काम करता है, लेकिन एक गलती करता है तो कई बार लोग उसके पूरे संघर्ष को भूलकर सिर्फ उसी गलती पर चर्चा करने लगते हैं।उन्होंने कहा कि भरत तिवारी के बारे में उन्होंने जो जानकारी जुटाई और विश्लेषण किया, उससे पता चलता है कि पिछले कई वर्षों से वह लोगों के अधिकारों और न्याय के लिए आवाज उठाते रहे थे।
उन्होंने कहा कि समाज को किसी भी व्यक्ति के पूरे जीवन और उसके कार्यों को देखकर राय बनानी चाहिए।हालांकि उन्होंने साफ कहा कि किसी भी आंदोलन या संघर्ष में हिंसा और हथियार का रास्ता सही नहीं है। उनके मुताबिक हथियार किसी भी न्याय की लड़ाई को कमजोर कर देता है और असली मुद्दे पीछे छूट जाते हैं।
क्या है पूरा मामला?
गौरतलब है कि 17 जून को भोजपुर के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव में पुलिस कार्रवाई के दौरान भरत भूषण तिवारी की मौत हो गई थी।
पुलिस का दावा है कि कार्रवाई के दौरान भरत तिवारी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की थी, जबकि परिजनों का आरोप है कि आत्मसमर्पण के बाद उन्हें गोली मारी गई।मामले को लेकर विवाद बढ़ने के बाद सरकार ने न्यायिक जांच के आदेश दिए हैं। वहीं पुलिसकर्मियों पर भी कार्रवाई की गई है।अब लक्की बिष्ट के बिहार आने और परिवार से मिलने की घोषणा के बाद यह मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है। सबकी नजर अब जांच रिपोर्ट पर है, जिससे साफ होगा कि उस दिन आखिर हुआ क्या था।