बक्सर: जयमाल के वक्त दुल्हन को मारी गोली, आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

बिहार के बक्सर में शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। जयमाल के दौरान एक सनकी प्रेमी ने मंच पर चढ़कर दुल्हन को गोली मार दी। घायल युवती को गंभीर हालत में वाराणसी रेफर किया गया है। घटना के बाद आरोपी फरार है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

BNT
By
2 Min Read

BNT Desk: बिहार के बक्सर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां शादी की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं जब जयमाल के दौरान एक सनकी प्रेमी ने दुल्हन को गोली मार दी। यह घटना चौसा नगर पंचायत के मल्लाह टोली की है।

जयमाल के मंच पर खूनी खेल

मंगलवार की रात उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से बारात बक्सर के चौसा पहुंची थी। शादी का माहौल था और पूरे विधि-विधान के साथ रस्में निभाई जा रही थीं। जैसे ही दुल्हन जयमाल के लिए मंच पर पहुंची, खुशियों के बीच अचानक अफरा-तफरी मच गई। पड़ोस में रहने वाला एक युवक, जो दुल्हन का कथित प्रेमी बताया जा रहा है, अचानक हथियार लेकर मंच पर चढ़ गया।

दुल्हन और पिता पर चलाई गोली

इससे पहले कि वहां मौजूद मेहमान और परिजन कुछ समझ पाते, युवक ने दुल्हन और उसके पिता को निशाना बनाकर फायरिंग कर दी। गोली लगते ही दुल्हन लहूलुहान होकर मंच पर ही गिर पड़ी। अचानक हुई इस फायरिंग से बारातियों और ग्रामीणों में भगदड़ मच गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी युवक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।

वाराणसी रेफर, हालत गंभीर

परिजनों ने आनन-फानन में घायल दुल्हन को बक्सर के सदर अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर, वाराणसी रेफर कर दिया है। फिलहाल दुल्हन की हालत नाजुक बनी हुई है।

पुलिस की कार्रवाई और जांच

मुफस्सिल थाना पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। शुरुआती जांच में मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस फरार आरोपी युवक की तलाश में छापेमारी कर रही है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा है और शादी वाले घर में कोहराम मचा हुआ है।

Share This Article