BNT Desk: अगर आप भी इंजीनियरिंग की तैयारी कर रहे हैं और जेईई मेन की परीक्षा दी है, तो आपके लिए आज की सबसे बड़ी खबर आ चुकी है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने बुधवार को जेईई मेन 2026 सेशन 1 की प्रोविजनल आंसर-की (Answer Key) और रिस्पॉन्स शीट आधिकारिक वेबसाइट jeemain.nta.nic.in पर जारी कर दी है। इसके साथ ही, जो छात्र अप्रैल सत्र में शामिल होना चाहते हैं, उनके लिए सेशन 2 के रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है।
आंसर-की पर आपत्ति दर्ज करने का मौका
छात्र वेबसाइट पर जाकर अपने रोल नंबर की मदद से आंसर-की डाउनलोड कर सकते हैं और अपने उत्तरों का मिलान कर सकते हैं। अगर आपको लगता है कि किसी सवाल का जवाब गलत है, तो आप 6 फरवरी 2026 तक उस पर आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। ध्यान रहे कि हर एक सवाल को चैलेंज करने के लिए आपको 200 रुपये की फीस देनी होगी। इन सभी आपत्तियों की जांच एक्सपर्ट्स करेंगे और उसके बाद फाइनल आंसर-की और रिजल्ट जारी किया जाएगा।
रिकॉर्ड तोड़ उपस्थिति और कॉम्पिटिशन
इस बार जेईई मेन की परीक्षा को लेकर छात्रों में जबरदस्त उत्साह देखा गया। सेशन 1 के लिए कुल 13,50,969 छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया था, जिनमें से 13,00,368 छात्रों (96.26%) ने परीक्षा दी। जनवरी के अंत में हुई इस परीक्षा के बाद अब सभी की नजरें फाइनल रिजल्ट पर हैं, क्योंकि इसी के आधार पर देश के टॉप 2.5 लाख छात्र ‘जेईई एडवांस’ के लिए क्वालीफाई करेंगे।
सेशन 2 के लिए 25 फरवरी तक करें आवेदन
अगर आप पहले सत्र में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए या पहली बार परीक्षा देने जा रहे हैं, तो आपके पास सेशन 2 के रूप में एक और सुनहरा मौका है। इसके लिए रजिस्ट्रेशन शुरू हो चुके हैं और आवेदन की अंतिम तिथि 25 फरवरी (रात 9 बजे तक) है। अप्रैल सत्र की परीक्षा 1 अप्रैल से 10 अप्रैल के बीच होने की संभावना है।
आईआईटी और एनआईटी में सीटों का गणित
इस साल देश के प्रतिष्ठित संस्थानों जैसे IIT, NIT और IIIT में कुल 62,500 से ज्यादा सीटों के लिए मुकाबला है। इसमें आईआईटी की 18,160 और एनआईटी की 24,525 सीटें शामिल हैं। याद रहे कि आईआईटी में एडमिशन के लिए आपको 12वीं में कम से कम 75 फीसदी अंक लाने होंगे या अपने बोर्ड के टॉप 20 पर्सेंटाइल में आना होगा।