BNT Desk: नई दिल्ली: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण कल यानी 1 फरवरी को देश का आम बजट पेश करने जा रही हैं। खास बात यह है कि इस साल 1 फरवरी को रविवार है, फिर भी बजट पेश किया जाएगा। इतिहास में ऐसा पहली बार हो रहा है जब निर्मला सीतारमण छुट्टी वाले दिन बजट पढ़ेंगी। इस बड़े मौके पर शेयर बाजार भी खुला रहेगा, ताकि निवेशक बजट की घोषणाओं पर तुरंत रिएक्ट कर सकें।
इन बड़े सेक्टर्स पर रहेगी निवेशकों की नजर
बजट में अगर सरकार टैक्स नियमों या किसी खास इंडस्ट्री के लिए बड़ी राहत देती है, तो उसका सीधा असर आपकी जेब और शेयर बाजार पर पड़ेगा। मार्केट एक्सपर्ट्स मान रहे हैं कि कैपिटल गेन टैक्स में किसी भी बदलाव से ‘मोतीलाल ओसवाल’, ‘ग्रो’ और ‘एंजेल वन’ जैसी ब्रोकिंग कंपनियों के शेयरों में बड़ी हलचल दिख सकती है। वहीं, अगर सरकार टेक्सटाइल (कपड़ा उद्योग) को अमेरिकी टैरिफ से बचाने के लिए राहत देती है, तो ‘गोकलदास एक्सपोर्ट्स’ और ‘अरविंद’ जैसे शेयरों में तेजी आ सकती है।
पावर और रेलवे में दिख सकता है दम
बजट में ऊर्जा और रेलवे जैसे बुनियादी ढांचों पर हमेशा जोर रहता है। इस बार सौर और पवन ऊर्जा पर फोकस होने की उम्मीद है, जिससे ‘टाटा पावर’, ‘अडानी पावर’ और ‘सुजलॉन एनर्जी’ के निवेशकों को फायदा मिल सकता है। साथ ही, रेलवे के विस्तार की घोषणाओं से ‘इरकॉन’, ‘आरवीएनएल’ और ‘टीटागढ़ रेल’ जैसे शेयरों पर सबकी नजरें टिकी होंगी। ऑटो सेक्टर में मारुति और टाटा मोटर्स के साथ-साथ ‘ओला इलेक्ट्रिक’ जैसे ईवी स्टॉक्स भी रडार पर रहेंगे।
बैंकिंग और डेटा सेंटर से भी बड़ी उम्मीदें
आम आदमी के साथ-साथ मध्यम उद्योगों (MSME) के लिए अगर क्रेडिट गारंटी स्कीम बढ़ती है, तो ‘एसबीआई’, ‘एचडीएफसी’ और ‘पीएनबी’ जैसे बैंकों को मजबूती मिलेगी। इसके अलावा, भारत को डिजिटल हब बनाने के लिए डेटा सेंटर की नीतियों में सुधार हो सकता है। इससे ‘रिलायंस’, ‘टीसीएस’ और ‘नेटवेब टेक्नोलॉजीज’ जैसी कंपनियों को सपोर्ट मिलेगा। दवाओं और रिसर्च (R&D) पर टैक्स छूट मिलने से ‘सिप्ला’ और ‘सन फार्मा’ जैसी बड़ी दवा कंपनियों के शेयरों में भी रौनक लौट सकती है।