BNT Desk: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में ममता देवी और उनके तीन मासूम बच्चों की मौत की गुत्थी अब उलझती जा रही है। इस मामले में पुलिस ने ममता के कथित प्रेमी आमोद कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि ममता के पति कृष्ण मोहन कुमार को पूछताछ के लिए नोटिस जारी किया गया है। पुलिस को शक है कि इस दर्दनाक घटना के पीछे पारिवारिक कलह या प्रेम प्रसंग एक बड़ी वजह हो सकती है। सिटी एसपी ने साफ किया है कि पोस्टमार्टम और विसरा रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी।
प्रेमी के एक कॉल ने पुलिस को चौंकाया पुलिस
जांच में पता चला है कि ममता 10 जनवरी को अचानक अपने घर से गायब हो गई थी। गायब होने के बाद वह लगातार अपने प्रेमी आमोद कुमार के संपर्क में थी। आमोद मीनापुर के मधुबनी का रहने वाला है और एक चूड़ा मिल में मजदूरी करता है। चौंकाने वाली बात यह है कि आमोद ने खुद ममता के पति कृष्ण मोहन को फोन करके कहा था कि उसकी पत्नी और बच्चे उसी के पास हैं। पुलिस ने आमोद के पास से वह मोबाइल और सिम भी बरामद कर लिया है जिससे उसने फोन किया था।
पति की भूमिका पर उठ रहे हैं सवाल ममता के
मायके वालों ने उसके पति कृष्ण मोहन कुमार के खिलाफ पुलिस को कई अहम जानकारियां दी हैं। मायके पक्ष के आरोपों के बाद पुलिस ने कृष्ण मोहन को शक के दायरे में रखा है। सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी के मुताबिक, कृष्ण मोहन घटना के बाद से पत्नी और बच्चों के अंतिम संस्कार के कामों में व्यस्त होने की बात कह रहा था, लेकिन अब उसे थाने में हाजिर होने का नोटिस दिया गया है। पुलिस का मानना है कि पति से कड़ाई से पूछताछ करने पर मामले की कई नई परतें खुल सकती हैं।
शहर में ही थी ममता, सीसीटीवी खंगाल रही
पुलिस तकनीकी जांच में एक और बड़ी बात सामने आई है। मोबाइल लोकेशन और कॉल डिटेल के अनुसार, घर से गायब होने के बाद ममता कभी शहर से बाहर गई ही नहीं। उसकी लोकेशन लगातार शहरी इलाके में ही मिल रही थी। पुलिस अब चंदवारा घाट की ओर से आने वाली एक संदिग्ध कार और बाइक की तलाश कर रही है जो सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दी हैं। अलग-अलग इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि यह पता चल सके कि मौत से पहले ममता और उसके बच्चे किसके साथ थे।