BNT Desk: आरबी कॉलेज दलसिंहसराय में ग्रेजुएशन की आंतरिक मूल्यांकन परीक्षा में खुलेआम धांधली का एक वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें छात्रों को प्रश्न पत्र चुन-चुनकर लेते हुए दिखाया गया है। जानकारी के मुताबिक यह वीडियो बीते 8 जनवरी 2026 का बताया जा रहा है। यह वायरल वीडियो ग्रेजुएशन 2025-29 सत्र के उन छात्रों के लिए आयोजित आंतरिक मूल्यांकन परीक्षा से जुड़ा है, जिनका पहले यह परीक्षा छूट गया थी।
सोशल मीडिया और राजद की प्रतिक्रिया
मामले में राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से वीडियो शेयर करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सरकार पर शिक्षा व्यवस्था को लेकर तीखा प्रहार किया गया है। वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर तेजी से शेयर हो रहा है। वायरल होने से छात्रों और अभिभावकों में आक्रोश फैल गया है। राजद ने लिखा कि नीतीश कुमार की सरकार में बिहार की शिक्षा व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है और आरबी कॉलेज जैसे संस्थानों में खुलेआम धांधली हो रही है।
छात्रों का अनुभव और परीक्षा की अनियमितता
वीडियो में भारी भीड़ के बीच कॉलेज कर्मियों द्वारा प्रश्न पत्र खुले तौर पर रख दिये जाने का दृश्य कैद है। परीक्षार्थी अपनी सुविधा अनुसार विषय के प्रश्न पत्र चुनकर परीक्षा दे रहे हैं। यह नजारा स्पष्ट रूप से अनियमितता की पोल खोलता नजर आता है। स्थानीय छात्रों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं शिक्षा की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाती हैं।
प्राचार्य का बयान और जांच की प्रक्रिया
इस संबंध में आरबी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. वीरेंद्र कुमार चौधरी ने बताया कि यह वीडियो आंतरिक मूल्यांकन परीक्षा से जुड़ा है। परीक्षा कार्य में लगे कर्मियों से पूछा गया कि ऐसा कैसे हुआ। प्राचार्य ने इसे अनियमितता करार देते हुए कहा कि जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी और कॉलेज प्रशासन सुधार के लिए कदम उठाएगा।