पटना के फुलवारीशरीफ में आवारा कुत्तों का कहर: एक ही दिन में 39 लोगों को बनाया निशाना, इलाके में दहशत

पटना के फुलवारीशरीफ में शुक्रवार को आवारा कुत्तों ने आतंक मचाते हुए एक ही दिन में 39 लोगों को काटकर घायल कर दिया। घायलों में बच्चे भी शामिल हैं, जिन्हें एम्स और स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। इस घटना से स्थानीय लोगों में प्रशासन के खिलाफ भारी गुस्सा है।

BNT
By
3 Min Read

BNT Desk: राजधानी के फुलवारीशरीफ इलाके में शुक्रवार को आवारा कुत्तों ने ऐसा आतंक मचाया कि पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। महज 24 घंटे के भीतर आवारा कुत्तों ने बच्चों और बुजुर्गों समेत कुल 39 लोगों को काट लिया। अचानक हुए इन हमलों से बाल्मी, गोविन्दपुर और नया टोला जैसे मोहल्लों में अफरातफरी का माहौल है। हालात ये हैं कि लोग अब घर से अकेले बाहर निकलने में भी डर रहे हैं।

सड़क पर चलना हुआ दूभर, एम्स में उमड़ी घायलों की भीड़

जानकारी के मुताबिक, कुत्तों के झुंड ने राह चलते पैदल यात्रियों, साइकिल सवारों और खासकर अकेले जा रहे बच्चों को निशाना बनाया। इन हमलों में घायल 20 लोग तुरंत इलाज के लिए पटना एम्स (AIIMS) की इमरजेंसी में पहुंचे, जहां डॉक्टरों की टीम भी इतनी बड़ी संख्या में मरीजों को देखकर दंग रह गई। वहीं, 19 अन्य घायलों ने फुलवारीशरीफ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में जाकर एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगवाया। घायलों में एक छोटा बच्चा भी शामिल है, जिसकी हालत देख परिजन काफी डरे हुए हैं।

सिर्फ कागजों पर हो रही नसबंदी? स्थानीय लोगों में भारी गुस्सा

इलाके के लोगों का आरोप है कि नगर परिषद और प्रशासन इस गंभीर समस्या को लेकर सो रहा है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि कुत्तों की नसबंदी का काम सिर्फ कागजों और फाइलों तक ही सीमित है। हर बार बोर्ड की मीटिंग में बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं, लेकिन जमीन पर कोई काम नहीं दिखता। सड़कों पर कुत्तों के झुंड खुलेआम घूम रहे हैं और नगर परिषद की लापरवाही की वजह से आज निर्दोष लोग अस्पताल पहुँच रहे हैं।

प्रशासन की चुप्पी और जनता का डर

सीएचसी मैनेजर सिपरा चौहान ने पुष्टि की है कि अस्पताल में बड़ी संख्या में कुत्ते के काटने के शिकार लोग पहुंचे हैं। दूसरी ओर, लोगों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। स्थानीय जनता ने मांग की है कि प्रशासन जल्द से जल्द इन आवारा कुत्तों को पकड़े, वरना किसी दिन कोई बड़ी अनहोनी हो सकती है। फिलहाल, पूरे फुलवारीशरीफ में डर का माहौल बना हुआ है और लोग लाठी-डंडा लेकर ही बाहर निकलने को मजबूर हैं।

Share This Article