BNT Desk: बिहार में इन दिनों कड़ाके की ठंड (Cold Wave) ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। हालात ये हैं कि बिहार के कई शहर अब जम्मू से भी ज्यादा ठंडे हो गए हैं। मंगलवार को भागलपुर का सबौर इलाका पूरे राज्य में सबसे ठंडा रहा, जहाँ न्यूनतम तापमान गिरकर 4.6 डिग्री तक पहुंच गया, जबकि जम्मू में यह 8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था। मौसम विभाग ने आने वाले चार दिनों के लिए चेतावनी जारी की है कि अभी ठंड से राहत मिलने के आसार नहीं हैं, बल्कि पारा 2 से 4 डिग्री तक और गिर सकता है।
क्यों कांप रहा है पूरा बिहार?
पिछले कुछ दिनों से बिहार में बर्फीली पछुआ हवाएं चल रही हैं, जिसने पूरे राज्य को ‘कोल्ड डे’ (Cold Day) की चपेट में ले लिया है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो-तीन दिनों तक उत्तर और दक्षिण-पश्चिम बिहार के कई जिलों में घना कोहरा छाया रहेगा। इसी को देखते हुए विभाग ने ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। हालांकि मंगलवार को धूप निकलने से कुछ देर के लिए राहत मिली थी, लेकिन बर्फीली हवाओं के कारण धूप का असर बेअसर साबित हुआ और लोग दिन भर ठिठुरते रहे।
कोहरे का कहर और सड़कों पर जोखिम
सिर्फ ठंड ही नहीं, बल्कि घने कोहरे ने भी रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है। पूर्णिया और वाल्मीकि नगर जैसे इलाकों में दृश्यता (Visibility) घटकर मात्र 40 मीटर रह गई है। इस वजह से राष्ट्रीय राजमार्गों (National Highways) और ग्रामीण सड़कों पर वाहन चलाना बेहद खतरनाक हो गया है। सुबह के वक्त हेडलाइट जलाने के बावजूद गाड़ियाँ रेंगती हुई नजर आ रही हैं। पूर्णिया में आज सुबह का तापमान 8.1 डिग्री दर्ज किया गया, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
अगले 4 दिन संभल कर रहने की जरूर
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले चार दिनों में शीतलहर जैसे हालात और गंभीर हो सकते हैं। राज्य के 25 जिलों में रात का तापमान पहले से ही 8 डिग्री के नीचे चल रहा है। सबसे ज्यादा असर गया, नालंदा, सीवान और समस्तीपुर जैसे जिलों में देखा जा रहा है। डॉक्टरों ने सलाह दी है कि इस भीषण ठंड और कनकनी के दौरान खासकर बच्चों और बुजुर्गों का खास ख्याल रखें और बहुत जरूरी होने पर ही सुबह-शाम घर से बाहर निकलें।